लॉकडाउन में विरोध: प्रवासियों के मुद्दे पर यशवंत सिन्हा का राजघाट पर धरना, आप नेता भी हुए शामिल
पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा प्रवासी श्रमिकों को घर पहुंचाने में मदद के लिए सशस्त्र बलों की तैनाती की मांग को लेकर सोमवार को राजघाट पर धरने पर बैठ गए। पूर्व भाजपा नेता और नरेंद्र मोदी सरकार के...

पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा प्रवासी श्रमिकों को घर पहुंचाने में मदद के लिए सशस्त्र बलों की तैनाती की मांग को लेकर सोमवार को राजघाट पर धरने पर बैठ गए। पूर्व भाजपा नेता और नरेंद्र मोदी सरकार के घोर आलोचक सिन्हा ने कहा कि प्रवासी मजदूरों की मदद करने में राज्य और केंद्र सरकारें नाकाम रही हैं। उनका साथ देने के लिए धरना में आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह और दिलीप पांडे भी शामिल हुए। बता दें कि देश भर में लागू लॉकडाउन में धरना और प्रदर्शनों पर प्रतिबंध है।
उन्होंने कहा कि हमारी साधारण सी मांग है कि सशस्त्र बलों और अर्द्धसैनिक बलों को जिम्मेदारी दी जाए कि वे अपने पास मौजूद सभी संसाधनों का उपयोग करके इन प्रवासी श्रमिकों को सम्मान के साथ उनके घर पहुंचाएं। सिन्हा ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वह धरने पर बैठे रहेंगे।
कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देश भर में लॉकडाउन लागू है। 31 मई तक लॉकडाउन का चौथा चरण चलेगा। इस दौरान काम धंधा बंद होने के कारण प्रवासी श्रमिक पैदल ही अपने घरों के लिए निकल पड़े हैं। इस दौरान उन्हें तमाम दिक्कतों का सामना भी करना पड़ रहा है। छोटे बच्चों को लेकर परिजन तमाम मुश्किलों के बावजूद अपने घर को जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर इनकी परेशानियों को बयां करते सैकड़ों वीडियो तैर रहे हैं।
इन सब के बीच सरकार की तरफ से प्रवासी श्रमिकों को घर पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। बावजूद इसके अभी भी हजारों की संख्या में श्रमिक पैदल ही जा रहे हैं। राज्य सरकारों के साथ मिलकर भारतीय रेल भी श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चला रही है।
लेखक के बारे में
Abhishek Tiwariअभिषेक तिवारी
और पढ़ें

