यमुना में झाग, भाजपा और एलजी के हमलों के बीच आम आदमी पार्टी का पलटवार; क्या कहा?
Yamuna River Pollution: यमुना नदी में प्रदूषण के मसले पर विपक्षी भाजपा और एलजी के हमलों पर आम आदमी पार्टी ने पलटवार किया है। आम आदमी पार्टी ने क्या कहा जानने के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट...

छठ पूजा सोमवार को खत्म हो गया लेकिन सियासत जारी है। यमुना में प्रदूषण को लेकर जमकर बयानबाजी देखी जा रही है। भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल यमुना को साफ करने में विफल रहे हैं। केंद्र के दिए गए हजारों करोड़ रुपये प्रचार या भ्रष्टाचार पर खत्म कर दिए गए। वहीं उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने यमुना में झाग की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि साल दर साल वादे तो किए गए लेकिन यमुना की हालत नहीं बदली। अब AAP का पलटवार सामने आया है।
आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा पर छठ पूजा पर राजनीति करने के साथ पूर्वांचल विरोधी होने का आरोप लगाया है। आप विधायक संजीव झा ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने एक बार छठ पूजा आयोजन होने से रोकने की कोशिश की। कोंडली में एमसीडी पार्क में आयोजित पूजा को वहां की स्थानीय पार्षद ने अपने लोगों के साथ आकर लड़ाई की। यही नहीं वहां लगे पोस्टर को भी फाड़ा। उन्होंने कहा कि यह हरकत बताती है कि भाजपा के लोगों के छठ मईया में कोई आस्था नहीं है।
पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में संजीव झा ने कहा कि देश में केजरीवाल सरकार एक मात्र सरकार है जो कि पूर्वांचलियों के आस्था के पर्व छठ को पूर्वांचलवासियों के साथ मनाती है। मगर भाजपा हर बार की तरह इस बार भी सिर्फ राजनीति करती नजर आई है। भाजपा के सांसद मनोज तिवारी झूठ फैलाने की कोशिश कर रहे है कि यमुना घाट पर छठ पूजा का आयोजन नहीं हो रहा है। दिल्ली के बच्चे-बच्चे को पता है कि सुप्रीम कोर्ट ने इसपर रोक लगाई है।
संजीव झा ने कहा कि केजरीवाल सरकार कानून के तहत काम करती है। मगर दिल्ली भर में एक हजार घाट उन्हें दिखाई नहीं देते है। यह पहला वाकया नहीं है पूर्वांचल विरोधी भाजपा ने छठ पूजा को लेकर राजनीति ना की हो। छठ पूजा का विरोध ना किया हो। इस बार भी राजनीति के साथ कोंडली में भाजपा के पार्षद ने छठ पूजा के आयोजन को रोकने की कोशिश की। मगर पूर्वांचलियों ने उन्हें खदेड़ दिया।
कोंडली में भाजपा की पार्षद ने छठ पूजा कार्यक्रम रोकने के लिए पोस्टर फाड़े। समिति के लोगों के साथ झगड़ा भी किया। यह पहली बार नहीं हुआ है कुछ साल पहले ग्रेटर कैलाश, द्वारका में भी भाजपा के पार्षद व मेयर यह कर चुके है लेकिन पूर्वांचलियों के आगे नहीं टिके। उस समय पूर्वांचलियों के हिमायती बन रहे मनोज तिवारी सामने नहीं आएं। अब देखना है कि वह इस बार भी सिर्फ राजनीति कर रहे है कोंडली के भाजपा पार्षद पर कार्रवाई भी करेंगे।
