ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRनोएडा-ग्रेटर नोएडा की महिलाएं शस्त्र लाइसेंस बनवाने में भी आगे

नोएडा-ग्रेटर नोएडा की महिलाएं शस्त्र लाइसेंस बनवाने में भी आगे

गौतमबुद्धनगर जिले में शस्त्र लाइसेंस बनवाने के लिए लोगों में होड़ मची है। इसमें महिलाएं भी किसी से पीछे नहीं हैं। तीन महीने में छह हजार से अधिक लोग आवेदन फॉर्म जमा करा चुके हैं जिनमें 100 से अधिक...

नोएडा-ग्रेटर नोएडा की महिलाएं शस्त्र लाइसेंस बनवाने में भी आगे
ग्रेटर नोएडा | ब्रिजेश कुमारFri, 28 Dec 2018 04:47 PM
ऐप पर पढ़ें

गौतमबुद्धनगर जिले में शस्त्र लाइसेंस बनवाने के लिए लोगों में होड़ मची है। इसमें महिलाएं भी किसी से पीछे नहीं हैं। तीन महीने में छह हजार से अधिक लोग आवेदन फॉर्म जमा करा चुके हैं जिनमें 100 से अधिक महिलाएं हैं। आवेदनों की संख्या रोजाना बढ़ती जा रही है।  

जिले में शस्त्र लाइसेंस पर लगी रोक हटने के बाद एक अक्टूबर से आवेदन फॉर्म जमा कराने की प्रक्रिया शुरू हुई है। इसके बाद से लोगों में होड़ मची हुई है। शस्त्र लाइसेंस बनवाने के लिए रोजाना सैकड़ों की संख्या में आवेदन फॉर्म जमा किए जा रहे हैं जिले में यह आंकड़ा छह हजार के पार जा चुका है। आवेदन करने में महिलाएं भी किसी से पीछे नहीं हैं। असलहा बाबू अरविंद सिंह ने बताया कि अभी तक जमा हुए फार्मों में 100 से ज्यादा फॉर्म महिलाओं के हैं।  

प्रशासन और पुलिस से सत्यापन के बाद रोजाना 50 से 100 आवेदन फॉर्म असलहा बाबू के दफ्तर में जमा होते हैं जिनमें एक-दो फॉर्म महिलाओं के होते हैं। शस्त्र लाइसेंस पाने के लिए रोजाना आवेदन फार्मों की संख्या बढ़ती जा रही है। यह प्रक्रिया डाक के माध्यम से चलती है। प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों की रिपोर्ट लगने के बाद फाइल असलहा बाबू के दफ्तर तक पहुंचती है।  

सिफारिशों का दौर शुरू

शस्त्र लाइसेंस पाने के लिए दिनभर असलहा बाबू के दफ्तर में लोगों का जमावड़ा रहता है। इससे पहले यहा सन्नाटा रहता था। इसके लिए सिफारिशों का दौर भी जारी है। कुछ सफेदपोश भी बाबू के दफ्तर में हाजिरी देते दिखाई देते हैं।  

कारण जानने के बाद मिलता है शस्त्र लाइसेंस

कारण जानने के बाद जारी होता है शस्त्र लाइसेंस। जिलाधिकारी द्वारा जारी किया जाता है जिसके लिए डीएम आवेदक से कारण पूछते हैं। डीएम द्वारा जरूरतमंद लोगों को लाइसेंस जारी किया जाता है। इसके लिए लोग नए-नए कारण बताते हैं।  

12500 लोगों के पास शस्त्र लाइसेंस

गौतमबुद्धनगर में 12500 लोगों के पास शस्त्र लाइसेंस है। इनमें कुछ महिलाएं भी हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि जिले की महिलाएं भी अपनी सुरक्षा के लिए हथियार रखती हैं।

डीएम के दरबार में लगा रहे हाजिरी 

शस्त्र लाइसेंस बनवाने के लिए लोग डीएम के दफ्तर पहुंच रहे हैं। डीएम से मिलकर अपनी परेशानी बताकर लाइसेंस देने की दुहाई मांग रहे हैं। डीएम जैसे ही दफ्तर में बैठते हैं लाइसेंस पाने के लिए मिलने वालों की भीड़ लग जाती है। कलेक्ट्रेट में अब अधिकांश लोग शस्त्र लाईसेंस के लिए टहलते नजर आते हैं। परिसर में दिनभर लोगों का जमावड़ा रहता है।

अहम बातें

  • 100 से ज्यादा महिलाएं लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदन कर चुकीं  
  • 50 से 100 आवेदन फॉर्म रोजाना जमा किए जा रहे 
  • 06 हजार से अधिक लोग आवेदन फॉर्म जमा करा चुके तीन महीने में  
     
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें