सोते हुए पति को नींद से जगाना पत्नी को पड़ा भारी, चाकू से किए कई वार, हालत गंभीर
शाहदरा के कृष्णा नगर में नींद से उठाने पर एक युवक ने पत्नी को चाकू से गोद दिया। आरोपी ने बीवी के हाथ, पीठ, जांघ व पैर में चाकू मार दिए। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।...
शाहदरा के कृष्णा नगर में नींद से उठाने पर एक युवक ने पत्नी को चाकू से गोद दिया। आरोपी ने बीवी के हाथ, पीठ, जांघ व पैर में चाकू मार दिए। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता 32 वर्षीय संजना परिवार के साथ कृष्णा नगर के कौशिकपुरी में रहती हैं। परिवार में पति गौतम व तीन बच्चे हैं। गौतम को नशे की लत है और वह काम नहीं करता है। संजना ही छोटा-मोटा काम कर घर का खर्च चलाती हैं। संजना के अनुसार, गुरुवार को गौतम शराब पीकर सो रहा था।
संजना ने गौतम को जगाया और कहा कि दिन भर सोते रहते हो। कुछ काम भी कर लिया करो। इस पर गौतम भड़क गया। उसने चाकू से संजना पर हमला कर दिया। संजना के हाथ, पीठ, पैर व जांघ पर चाकू से जख्म हो गए। संजना दर्द से चिल्लाने लगीं। आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाली संजना की बहन दौड़कर आई और पुलिस को सूचना दी।
संजना को तुरंत डॉ. हेडगवार अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी गौतम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से चाकू भी बरामद कर लिया है।