कौन हैं प्रवीण खंडेलवाल जिन्हें भाजपा ने चांदनी चौक से उतारा, डॉक्टर हर्षवर्धन का टिकट काट कर दिया मौका
प्रवीण खंडेलवाल कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के महासचिव हैं। यह भारत के व्यापारियों और एसएमई क्षेत्र का सबसे बड़ा निकाय है। इसके अलावा खंडेलवाल व्यापार और अर्थव्यवस्था के विशेषज्ञ भी हैं।

Who is Praveen Khandelwal: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 195 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है। राजधानी दिल्ली में भाजपा ने सात में से पांच सीटों पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की है। भाजपा ने दिल्ली में चार सांसदों का टिकट काट दिया है। ऐसे में चांदनी चौक सीट से प्रवीण खंडेलवाल को टिकट दिया गया है। बीजेपी ने प्रवीण को डॉक्टर हर्षवर्धन का टिकट काटकर चुनावी मैदान में उतारा गया है। आइए जानते हैं कौन हैं प्रवीण खंडेलवाल जिन्हें भाजपा ने चांदनी चौक से उतारा...
अर्थव्यवस्था के विशेषज्ञ हैं खंडेलवाल
प्रवीण खंडेलवाल कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के महासचिव हैं। यह भारत के व्यापारियों और एसएमई क्षेत्र का सबसे बड़ा निकाय है। इसके अलावा खंडेलवाल व्यापार और अर्थव्यवस्था के विशेषज्ञ भी हैं। अपने 'एक्स' हैंडल पर उन्होंने खुद को एक मोटिवेटर भी बताया है।
डीयू के प्रोडक्ट हैं खंडेलवाल
प्रवीण खंडेलवाल एक व्यापारी नेता है। इनके और विष्णु मित्तल के नाम की चर्चा पहले से ही की जा रही थी। हालांकि पार्टी ने डॉक्टर हर्षवर्धन का टिकट काटकर खंडेलवाल पर भरोसा जताया। 'एक्स' पर उनके 28 हजार से अधिक फॉलोवर्स हैं। खंडेलवाल दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थी रहे हैं। उन्होंने डीयू के रामजस कॉलेस से साल 1980 में बीए किया है। डीयू से ही 1983 में उन्होंने एलएलबी किया।
पांच में से चार का कटा टिकट
भाजपा ने चांदनी चौक से प्रवीण खंडेलवाल, उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी, नई दिल्ली से बांसुरी स्वराज, पश्चिमी दिल्ली से कमलजीत सहरावत और दक्षिणी दिल्ली से रामवीर सिंह बिधूड़ी को चुनावी मैदान में उतारा है। इनमें से चार उम्मीदवार नए हैं। पार्टी ने केवल मशहूर गायक और दिग्गज भाजपा नेता मनोज तिवारी का टिकट नहीं काटा है। यहां क्लिक कर डिटेल में पढ़िए यह स्टोरी...


