विष्णु खरे दिल्ली हिंदी अकादमी के उपाध्यक्ष नियुक्त, 30 जून को संभालेंगे कार्यभार
हिंदी के प्रख्यात कवि एवं पत्रकार विष्णु खरे को दिल्ली हिंदी अकादमी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह आगामी 3० जून को अपना नया कार्यभार संभालेंगे। कुछ सालों से...
हिंदी के प्रख्यात कवि एवं पत्रकार विष्णु खरे को दिल्ली हिंदी अकादमी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह आगामी 3० जून को अपना नया कार्यभार संभालेंगे।
कुछ सालों से मुंबई में रह रहे विष्णु खरे ने बताया कि वह अब दिल्ली में रहकर अकादमी का काम देखेंगे तथा उसे चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए कुछ करेंगे पर 30 जून के बाद ही वह कुछ कहने की स्थिति में होंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें अकादमी के उपाध्यक्ष पद के अधिकारों की भी जानकारी नहीं है, इसलिए वह अभी अकादमी की भावी रूपरेखा के बारे में कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने उनसे पहले बातचीत कर यह पद प्रस्तावित किया था जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया क्योंकि वह साहित्य के लिए कुछ करना चाहते हैं और सरकारी संस्थानों को जीवंत देखना चाहते हैं।
खरे लंबे समय तक एक प्रतिष्ठित समाचार-पत्र से जुड़े रहे और इन दिनों मुम्बई में रहकर स्वतंत्र लेखन कर रहे हैं। वह कवि के अलावा जाने-माने फिल्म समीक्षक, अनुवादक और प्रसिद्ध आलोचक भी हैं और बेबाक लेखन के कारण साहित्य के विवादों में भी घिरे रहे हैं। हिंदी अकादमी की 18 सदस्यीय संचालन समिति के अध्यक्ष खुद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हैं।