ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRपराली जलाने का जुर्माना वसूलने गए दो पटवारियों को किसानों ने बंधक बनाया, पांच घंटे बाद छोड़ा

पराली जलाने का जुर्माना वसूलने गए दो पटवारियों को किसानों ने बंधक बनाया, पांच घंटे बाद छोड़ा

हरियाणा के हिसार जिले में नारनौंद के मिलकपुर गांव में पराली जलाने वाले किसानों से जुर्माना वसूलने गए दो पटवारियों को बुधवार शाम भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेताओं और किसानों द्वारा बंधक...

पराली जलाने का जुर्माना वसूलने गए दो पटवारियों को किसानों ने बंधक बनाया, पांच घंटे बाद छोड़ा
हिसार। वार्ताThu, 22 Oct 2020 08:12 PM
ऐप पर पढ़ें

हरियाणा के हिसार जिले में नारनौंद के मिलकपुर गांव में पराली जलाने वाले किसानों से जुर्माना वसूलने गए दो पटवारियों को बुधवार शाम भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेताओं और किसानों द्वारा बंधक बनाने की घटना सामने आई है। हालांकि, पांच घंटे बाद दोनों पटवारियों को अधिकारियों के हवाले कर दिया गया।

जहां यह घटना चर्चा में है, वहीं गुरुवार को एसडीएम ने किसी भी कर्मचारी को बंधक बनाने की घटना होने से इनकार किया है। जानकारी के अनुसार मिलकपुर गांव के दो किसानों ने 15 दिन पहले पराली जलाई थी। सेटेलाइट से सूचना मिलने पर कृषि विभाग के अधिकारी गांव में गए और किसानों से जुर्माना वसूल किया। वहीं किसानों का कहना है कि जुर्माने की रसीद भी नहीं दी गई। बुधवार को पटवारी सोमराज और नरेंद्र मिलकपुर के खेतों में पहुंचे। किसान पप्पू को कहा कि आप लोगों ने धान की पराली जलाई है। इसका जुर्माना भरना होगा। इस पर किसान ने मामला रफा-दफा करने की बात कही। आरोप है कि पटवारियों को किसान बहाने से अपने घर पर ले आया और उसने इसकी सूचना भाकियू के पदाधिकारियों को दे दी।

पराली जलाने पर रोक लगाने का आदेश देने से हाईकोर्ट ने किया इनकार, जानिए वजह

कुछ देर बाद भाकियू प्रदेश उपाध्यक्ष बिजेंद्र बिल्लू सहित यूनियन के सदस्य गांव में पहुंच गए। पटवारियों को कथित तौर पर प्राइमरी स्कूल के कमरे में बंधक बना लिया। किसानों ने उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग रखी। इस पर एसडीएम विकास यादव, पुलिस उपाधीक्षक विनोद शंकर, नायब तहसीलदार अजीत सिंह और थाना प्रभारी उमेद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एसडीम के आश्वासन के बाद ही किसानों ने पांच घंटे से बंधक बनाए गए दोनों पटवारियों को देर रात अधिकारियों के हवाले किया।

किसानों ने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने इस मामले में किसी भी किसान या ग्रामीण पर कोई मामला दर्ज किया तो भविष्य में फिर उन्हें गांव में नहीं घुसने दिया जाएगा और यूनियन सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू कर देगी।

यूपी, हरियाणा और पंजाब में पराली जलाने से रोकने को SC ने बनाई कमेटी

किसानों ने आरोप लगाया कि कर्मचारी पराली में आग लगाने के नाम पर किसानों से पैसा वसूली में जुटे हुए हैं जिस पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाई जानी चाहिए। इस पर यादव ने आश्वासन दिया कि भविष्य में कोई कर्मचारी किसानों से बिना रसीद के पैसा नहीं वसूल करेगा। अगर कोई कर्मचारी बिना रसीद के पैसे लेकर जाता है तो उसकी शिकायत करें। उस कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उधर, यादव ने गुरुवार को कहा कि किसी भी कर्मचारी को बंधक नहीं बनाया गया। बातचीत के लिए ग्रामीणों ने दो पटवारियों को बिठाया था। किसानों की जो समस्याएं थी, वे सरकार तक पहुंचा दी जाएंगी। किसानों ने कुछ कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। इनकी जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें