Stray dogs became ferocious in Ghaziabad dogs bites 25 people in one day 2 critical गाजियाबाद में खूंखार हुए आवारा कुत्ते, एक दिन में 25 लोगों को काटा; 2 की हालत गंभीर, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर NewsStray dogs became ferocious in Ghaziabad dogs bites 25 people in one day 2 critical

गाजियाबाद में खूंखार हुए आवारा कुत्ते, एक दिन में 25 लोगों को काटा; 2 की हालत गंभीर

गाजियाबाद में कुत्तों का आतंक तेजी से बढ़ रहा है। आवारा कुत्ते सबसे अधिक बच्चे और महिलाएं को अपना शिकार बना रहे हैं। शनिवार को 25 से अधिक लोगों को कुत्तों ने काट लिया, जिसमें दो गंभीर रूप से घायल हैं।

Praveen Sharma गाजियाबाद। हिन्दुस्तान, Sun, 10 Sep 2023 02:20 PM
share Share
Follow Us on
गाजियाबाद में खूंखार हुए आवारा कुत्ते, एक दिन में 25 लोगों को काटा; 2 की हालत गंभीर

गाजियाबाद जिले में कुत्तों का आतंक तेजी से बढ़ रहा है। आवारा कुत्ते सबसे अधिक बच्चे और महिलाएं को अपना शिकार बना रहे हैं। शनिवार को 25 से अधिक लोगों को कुत्तों ने काट लिया, जिसमें दो गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विजय नगर स्थित भीम नगर कॉलोनी की रहने वाली 38 वर्षीय गीता रात को टहलने निकली थी। कुत्तों के झुंड ने घेर कर हमला कर दिया। आवारा कुत्तों ने महिला के पैर में नोच डाला। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी घरों से बाहर निकल आए। पड़ोसियों ने कुत्तों को भगाकर महिला की जान बचाई। महिला के पति संजय ने बताया कि उन्होंने सुबह एमएमजी अस्पताल में गीता को एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाई।

इसके अलावा पुराना विजय नगर क्षेत्र में गुरुवार को रोहन नामक एक छात्र को राजकीय स्कूल के पास एक कुत्ते ने काट लिया। रोहन का आरोप है कि कुत्ते का मालिक वहीं खड़ा था। इस मामले को लेकर विजय नगर थाने में केस दर्ज कराया है। वहीं, मुरादनगर के मलिक नगर कॉलोनी में अपने दादा को खाना देने जा रहे 14 वर्षीय कक्षा आठ के छात्र पर कुत्तों के झंड़ ने हमला कर दिया। गंभीर हालात में छात्र को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

स्वास्थ्य विभाग ने कुत्ता काटने को लेकर शनिवार को एडवाइजरी जारी की है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि कुत्ते के काटने पर क्या करें क्या ना करें जैसे बिंदुओं को शामिल किया गया है। इसकी प्रतिलिपि सरकारी विभागों के साथ पार्षद, ग्राम प्रधान, आरडब्लूए, सामाजिक संस्थाओं को भी भेजी गई है।

-डॉ मनोज चतुर्वेदी, सीएमएस, एमएमजी अस्पताल, ''अस्पताल में चिकित्सक द्वारा घाव देखने के बाद एआरवी की डोज निर्धारित की जाती है। इसके बाद मरीज को वैक्सीन लगाई जा रही है। अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में है और 24 घंटे लगाई जा रही है।'' 

-डॉ. अनुज,पशु कल्याण अधिकारी नगर निगम, ''एनिमल वर्थ कंट्रोल लगातार कुत्तों के बंध्याकरण के लिए काम कर रहा है। छह महीने में एबीसी सेंटर बना दिया जाएगा, जिससे राहत मिलेगी।''