साई के जीएम को कार में लिफ्ट देकर लूटा, ATM का पिन नहीं बताने पर पेचकस और हथौड़ी से पीटा

ग्रेटर नोएडा। संवाददाता ,
Follow us on Google News
share

ग्रेटर नोएडा में बदमाशों का कहर थम नहीं रहा है। हेरिटेज गोल चक्कर के पास कार सवार लुटेरों ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के जनरल मैनेजर (जीएम) को लिफ्ट देकर बंधक बना लिया। उन्होंने पीड़ित की आंखों पर...

noida police

ग्रेटर नोएडा में बदमाशों का कहर थम नहीं रहा है। हेरिटेज गोल चक्कर के पास कार सवार लुटेरों ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के जनरल मैनेजर (जीएम) को लिफ्ट देकर बंधक बना लिया। उन्होंने पीड़ित की आंखों पर पट्टी बांधकर करीब ढाई घंटे तक सड़कों पर घुमाया और लूट लिया। एटीएम कार्ड का पिन नहीं बताने पर पीड़ित को पेचकस और हथौड़ी से बुरी तरह पीटा और 130 मीटर रोड पर फेंककर फरार हो गए। घटना सोमवार सुबह की है। पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद सेक्टर बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

सेक्टर डेल्टा-1 में धर्मपाल शर्मा परिवार के साथ रहते हैं। वह भारतीय खेल प्राधिकरण में जनरल मैनेजर हैं। उनके परिजनों ने बताया कि धर्मपाल शर्मा सोमवार को दिल्ली आईटीओ स्थित अपने ऑफिस जाने के लिए घर से निकले थे। वह सुबह करीब 10 बजे हेरिटेज गोल चक्कर के पास बस के इंतजार में खड़े थे। इसी बीच एक कैब उनके पास आकर रुकी। कैब में पहले से तीन लोग सवार थे। कैब चालक ने दिल्ली जाने के लिए उन्हें लिफ्ट देकर बैठा लिया। कुछ दूर चलते ही उसमें सवार लोगों ने जीएम को बंधक बना लिया और आंखों पर पट्टी बांध दी।

बदमाशों ने पीड़ित से लूटपाट शुरू कर दी। पीड़ित की जेब में रखे साढ़े तीन हजार रुपये, मोबाइल, घड़ी और एटीएम कार्ड लूट लिया। बदमाशों ने पीड़ित से कार्ड का पिन पूछा। पिन नंबर नहीं बताने पर लुटेरों ने पेचकस और हथौड़ी से पीड़ित को बुरी तरह पीटा। करीब ढाई घंटे तक लुटेरे पीड़ित को कार में बंधक बनाकर शहर की सड़कों पर घुमाते रहे। लुटेरों ने उनका कार्ड छीनकर एटीएम बूथ में जाकर 11 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद बदमाश 12:30 पीड़ित को 130 मीटर रोड पर फेंक कर फरार हो गए।

घटना के बाद से खौफ में पीड़ित

धर्मपाल के बेटे ने बताया कि घटना के बाद से उनके पिता काफी खौफ में हैं। उनके मन से बदमाशों का भय नहीं निकल रहा है। वह काफी सहमे हुए हैं। घटना के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। पुलिस की लापरवाही की वजह से उनके लुटेरे बेखौफ वारदात को अंजाम दे रहे हैं। परिजनों ने इस मामले में लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।  

''पीड़ित की तहरीर पर सेक्टर बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी है। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।'' -राजेश कुमार सिंह, डीसीपी, ग्रेटर नोएडा

दो थानों की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही

पीड़ित जीएम ने मामले की शिकायत पुलिस से की। इसके बाद बीटा-2 और सूरजपुर कोतवाली पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। पुलिस के अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मंगलवार की सुबह बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस : पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा बदमाशों ने जिस एटीएम से पैसे निकाले हैं, उसकी फुटेज भी पुलिस देख रही है।

दो महीने में लूट की 20 से अधिक वारदात : ग्रेटर नोएडा में पिछले दो महीने में कार और बाइक सवार लुटेरों ने बीस से अधिक वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस इनमें से अभी तक अधिकांश घटनाओं का खुलासा नहीं कर सकी है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma

प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। करीब डेढ़ दशक से हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया का अनुभव भी हासिल कर चुके हैं। एक दशक से भी अधिक लंबा समय वह डिजिटल मीडिया में बिता चुके हैं।


प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी। इसके बाद वह थोड़े समय नेशनल दुनिया अखबार में भी रहे। वहां से निकलकर उन्होंने मार्च 2014 में न्यूज 18 के साथ डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में कदम रखा। वर्ष 2018 में वह लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े।


वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। इन्हें डिजिटल रीडर्स की पसंद और बदलते ट्रेंड्स को समझकर गहराई और सटीकता के साथ खबरें लिखने का अच्छा खासा अनुभव है। वह सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रखते हैं। उन्हें राजनीतिक विषयों पर खबरें लिखने और पढ़ने का शौक है।


प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News , Delhi Protest Live और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsसाई के जीएम को कार में लिफ्ट देकर लूटा, पेचकस और हथौड़ी से पीटा