ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRगणतंत्र दिवस परेड में पहली बार दिखेगा राफेल, नहीं आएंगे नजर मोटरसाइकिल स्टंट

गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार दिखेगा राफेल, नहीं आएंगे नजर मोटरसाइकिल स्टंट

कोरोना काल में हो रहे गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान इस बार कई बदलाव नजर आएंगे। परेड में सैन्य शक्ति के प्रदर्शन के दौरान एक ओर कुछ नई चीजें देखने को मिलेंगी। वहीं, कुछ परिवर्तनों की वजह से कई चीजें...

गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार दिखेगा राफेल, नहीं आएंगे नजर मोटरसाइकिल स्टंट
हिन्दुस्तान टाइम्स, नई दिल्लीSun, 24 Jan 2021 07:57 AM
ऐप पर पढ़ें

कोरोना काल में हो रहे गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान इस बार कई बदलाव नजर आएंगे। परेड में सैन्य शक्ति के प्रदर्शन के दौरान एक ओर कुछ नई चीजें देखने को मिलेंगी। वहीं, कुछ परिवर्तनों की वजह से कई चीजें नहीं नजर आएंगी।

ये नया रहेगा
1. फ्रांस से खरीदे गए और पिछले साल सितंबर में भारतीय वायु सेना में शामिल किए गए राफेल लड़ाकू जेट, पहली बार परेड में भाग लेंगे। वायु सेना में फ्रांस से ऑर्डर किए गए 36 राफेल जेट में से 11 को शामिल किया गया है।

2. परेड में पहली बार महिला फाइटर पायलट की भागीदारी नजर आएगी। भारत की पहली महिला फाइटर पायलटों में से एक फ्लाइट लेफ्टिनेंट भावना कंठ भारतीय वायु सेना की उस झांकी का हिस्सा होंगी, जिसमें हल्के लड़ाकू विमान, हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर और सुखोई 30 लड़ाकू विमानों के का प्रदर्शन किया जाएगा।

3. परेड में बांग्लादेश सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी, जिसमें 122 सैनिक शामिल हैं, भी भाग लेगी। इससे पहले 2016 में फ्रांस और 2017 में यूएई गणतंत्र दिवस परेड़ में भाग ले चुके हैं।

4. उत्तर प्रदेश की झांकी में राम मंदिर की प्रतिकृति होगी, जो वर्तमान में अयोध्या शहर में निर्माणाधीन है। सुप्रीम कोर्ट ने नवंबर 2019 में मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करते हुए दशकों पुराने भूमि विवाद मामले को समाप्त कर दिया था।

परेड में ये नहीं होगा
1. ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के भारत नहीं आने के कारण करीब पांच दशकों में यह पहली बार होगा जब गणतंत्र दिवस परेड मुख्य अतिथि के बिना होगी। जॉनसन ने शुरुआत में भारत के निमंत्रण को स्वीकार किया था, लेकिन यूके में कोविड 19 के मामले बढ़ने के कारण उन्हें अपनी यात्रा को रद्द करना पड़ा। इससे पहले 1952, 1953 और 1966 की परेड में मुख्य अतिथि नहीं थे।

2. इस बार परेड में दर्शकों की संख्या भी सीमित रहेगी। इसे डेढ़ लाख से घटाकर 25 हजार कर दिया गया है। मीडियाकर्मियों की संख्या भी 300 से घटाकर 200 कर दी गई है।

3. परेड, इस बार केवल इंडिया गेट के सी-हेक्सागॉन में नेशनल स्टेडियम तक ही जाएगी। केवल झांकी लाल किले तक जाएगी।

4. पूर्व सैनिकों और महिलाओं द्वारा निकाली जानी वाली वेटर्न परेड सहित सेना और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के सैनिकों द्वारा किए जाने वाले मोटरसाइकिल स्टंट कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है।

5. इंडिया गेट लॉन में 15 साल से कम उम्र के किसी भी बच्चे को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही, इस वर्ष स्कूली बच्चों के लिए कोई परिक्षेत्र नहीं होगा।

नाइट विजन से लैस दिखेंगे सीआरपीएफ जवान
गणतंत्र दिवस परेड में सीआरपीएफ की झांकी में जवान युद्ध क्षेत्र में प्रयोग किए जाने वाले नाइट विजन गॉगल्स (एनवीजी) से लैस नजर आएंगे। यह उपकरण कुछ उसी प्रकार का है जिसका प्रयोग यूएस नेवी सील ने ओसामा बिन लादेन के खात्मे के लिए किए गए ऑपरेशन के दौरान किया था। सीआरपीएफ सूत्रों का दावा है कि ऐसा पहली बार होगा जब देश का सबसे बड़ा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल युद्धक उपकरण को को प्रदर्शित करेगा। इस गॉगल्स को ‘नाइट विजन के राजा’ के रूप में भी जाना जाता है। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, ये विशेष चश्मे कमांडो को अंधेरे में भी आसानी से लक्ष्य को पहचाने में मदद करते हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें