दिल्ली पुलिस ने दिया खालिस्तानियों को झटका, पन्नू का गुर्गा गिरफ्तार; लिखता था भारत विरोधी नारे
दिल्ली पुलिस को कई जगह भारत विरोधी नारे लिखने वाले के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने हरियाणा से एक युवक को हिरासत में लिया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने करीब दो महीने पहले एक फ्लाईओवर पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखने के आरोप में हरियाणा से एक युवक को गिरफ्तार किया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक को लेकर शक है कि उसी ने गुरपतवंत सिंह पन्नू के कहने पर दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में इस तरह के नारे लिखे थे। पन्नू प्रतिबंधित 'सिख फॉर जस्टिस' का प्रमुख है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पंजाब में छापेमारी जारी है।
कश्मीरी गेट फ्लाईओवर पर खालिस्तान के समर्थन में और भारत विरोधी नारे लिखे पाए जाने के बाद पुलिस ने 27 सितंबर को एक एफआईआर दर्ज की थी। गिरफ्तार आरोपी युवक का नाम मसख सिंह बताया जा रहा है। वह लगातार पन्नू के संपर्क में था। उसके कहने पर ही आरोपी ने दिल्ली, गुरुग्राम सहित कई जगहों पर भारत विरोधी नारे लिखे थे। उत्तर दिल्ली के एक फ्लाईओवर पर 27 सितंबर को खालिस्तान समर्थक नारे लिखे दिखाई दिए थे। जिसपर पुलिस ने एफआईआद दर्ज की थी।
कौन है गुरपतवंत सिंह पन्नू
गुरपतवंत सिंह पन्नू कभी कनाडा तो कभी अमेरिका में रहता है। वह विदेश में रहकर भारत में आतंकी हमले करने की धमकी देता रहता है। वह कनाडा में बसे हिंदुओं को धमकाता है। उसका जन्म पंजाब में 14 फरवरी 1967 को हुआ था। पन्नू के पिता पंजाब की एक कंपनी में नौकरी करते थे। उसका एक भाई विदेश में रहता है। जबकि माता-पिता की मौत हो चुकी है। वर्तमान में वह अमेरिका में वकालत कर रहा है। उसने 2007 में सिख फॉर जस्टिस नाम का संगठन बनाया था। जुलाई 2020 में भारत ने उसे आंतकी घोषित कर दिया था। वह पाकिस्तान की एजेंसी आईएसआई की मदद से खालिस्तान समर्थक मुहिम चला रहा है।
