ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRहाथरस जाने पर अड़े राहुल को पुलिस ने रास्ते में रोका, हुई धक्का-मुक्की, बोले- मैं जाकर रहूंगा और कोई रोक नहीं पाएगा

हाथरस जाने पर अड़े राहुल को पुलिस ने रास्ते में रोका, हुई धक्का-मुक्की, बोले- मैं जाकर रहूंगा और कोई रोक नहीं पाएगा

हाथरस की 19 वर्षीय गैंगरेप पीड़िता के परिजनों से मुलाकात के लिए हाथरस जा रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के काफिले को पुलिस द्वारा ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे...

राहुल गांधी को हाथरस जाने से रोकती पुलिस।
1/ 2राहुल गांधी को हाथरस जाने से रोकती पुलिस।
हाथरस गैंगरेप पीड़िता के परिजनों से मुलाकात के लिए जाते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी।
2/ 2हाथरस गैंगरेप पीड़िता के परिजनों से मुलाकात के लिए जाते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी।
ग्रेटर नोएडा। लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 01 Oct 2020 03:08 PM
ऐप पर पढ़ें

हाथरस की 19 वर्षीय गैंगरेप पीड़िता के परिजनों से मुलाकात के लिए हाथरस जा रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के काफिले को पुलिस द्वारा ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे के जीरो प्वॉइंट पर रोके जाने के बाद वे कड़े सुरक्षा घेरे में कार्यकर्ताओं के साथ पैदल ही हाथरस के लिए निकल पड़े, लेकिन पुलिस ने कुछ दूर जाने के बाद कानून-व्यवस्था का हवाला देकर फिर से रोक दिया। पुलिस ने एहतियान राहुल और प्रियंका को हिरासत में ले लिया है।  

कैसे हाथरस जा रहे राहुल गांधी जमीन पर गिरे, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

कोरोना वायरस के मद्देनजर यमुना एक्सप्रेस-वे पर पैदल मार्च के दौरान राहुल गांधी ने सोशल डिस्टेंसिंग का भी पूरा ध्यान रखा और कार्यकर्ताओं से दूरी बनाकर चलने की अपील करते दिखे। इस दौरान राहुल ने कहा कि मैं हाथरस जाकर रहूंगा, कोई मुझे रोक नहीं सकता। पुलिस द्वारा जिले में 144 लागू होने का हवाला देते हुए रोके जाने पर राहुल ने कहा कि अगर कोविड-19 प्रोटोकॉल है तो उन्हें अकेले ही हाथरस जाने दिया जाए, लेकिन पुलिस उन्हें आगे बढ़ने नहीं दे रही है। 

इस यात्रा के दौरान साथ चल रहे कार्यकर्ता 'दलित की बेटी को इंसाफ दो', बेटी हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं' और 'जोर-जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है' जैसे नारे लगाते रहे।

पुलिस ने काफिला रोका तो पैदल ही हाथरस के लिए निकले राहुल और प्रियंका

जानकारी के अनुसार, नोएडा पुलिस ने 0 प्वॉइंट से यमुना एक्सप्रेस-वे पर चढ़ने के लिए सभी लेन बैरिकेड लगाकर बंद कर दी हैं। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जब बैरिकेड हटाने की कोशिश तो पुलिस फोर्स और कांग्रेसियों के बीच धक्का-मुक्की हुई और पुलिस द्वारा कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज भी किया गया। पुलिस द्वारा काफिले की गाड़ियां रोके जाने के बाद राहुल और प्रियंका कड़े सुरक्षा घेरे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पैदल ही हाथरस के लिए निकल पड़े हैं।

हालात को काबू करने के लिए पुलिस लाइन से और फोर्स जीरो प्वॉइंट पर बुलाया गया है। दूसरी ओर नोएडा और ग्रेटर नोएडा की ओर से कांग्रेसियों की भीड़ भी मौके पर पहुंच रही है।

हाथरस जाते हुए प्रियंका बोलीं- यूपी में लड़कियां कहीं भी सुरक्षित नहीं

कांग्रेस ने आज एक के बाद एक कई ट्वीट कर कहा कि भाजपा राज में उत्तर प्रदेश महिलाओं के लिए असुरक्षित प्रदेश बन चुका है। उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध चरम पर है। उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। महिला विरोधी भाजपा सरकार महिला सुरक्षा के मामले में विफल साबित हुई है। भाजपा देश की बेटियों की सुरक्षा करने में नाकाम हुई है। देश का हर व्यक्ति कह रहा है- 'हमारी बेटियों को सुरक्षा दो, नहीं तो, सत्ता छोड़ दो'

कांग्रेस ने कहा कि भाजपा और उसकी विचारधारा में महिलाओं को स्थान नहीं है, इसीलिए भाजपा महिला सुरक्षा के मुद्दे पर विफल साबित हो रही है। उत्तर प्रदेश में बलात्कार के बढ़ते मामले कानून-व्यवस्था की जर्जर हालत को बयान कर रहे हैं। बलात्कारी सत्ता और उसके प्रशासन पर हावी हैं।

भाजपा राज में यूपी में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों ने उत्तर प्रदेश को अपराध प्रदेश बना दिया है। सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि भाजपा शासित अन्य राज्य भी महिलाओं के लिए असुरक्षित साबित हो चुके हैं। जनता कह रही है- भाजपा से बेटी बचाओ!

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें