प्रेमी ने ही की थी पिंकी की हत्या, रात में चोरी-छुपे आता था घर; मोबाइल की कॉल डिटेल से खुला हत्या का राज
डीसीपी सेंट्रल नोएडा सुनीति ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी प्रेमी सुमित कन्नौज का रहने वाला है। सुमित का चोरी छिपे पिंकी के घर आना जाना था। शनिवार की रात भी सुमित, पिंकी के घर पहुंचा था।

ग्रेटर नोएडा के हबीबपुर गांव में शनिवार रात घर में घुसकर हुई 23 वर्षीय युवती पिंकी की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पिंकी की हत्या उसके ही प्रेमी सुमित ने की थी। आरोपी सुमित पिंकी के घर में किराये पर रहा था। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या वाली रात सुमित, पिंकी के घर आया था और किसी बात को लेकर उन दोनों में झगड़ा हो गया था, इसी बीच आरोपी ने घर में पड़ी ईंट से पिंकी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी थी।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा सुनीति ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी प्रेमी सुमित कन्नौज का रहने वाला है। सुमित का चोरी छिपे पिंकी के घर आना जाना था। शनिवार की रात भी सुमित, पिंकी के घर पहुंचा था। करीब आधे घंटे तक दोनों के बीच बातचीत हुई थी, लेकिन अचानक किसी बात पर लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान सुमित ने घर में पड़ी एक ईंट उठाकर पिंकी के सिर पर मार दी थी, जिससे वह लहूलुहान होकर नीचे गिर पड़ी थी। इस वारदात को अंजाम देकर वह फरार हो गया था। रविवार की सुबह परिजनों को पिंकी का शव उसके कमरे में पड़ा मिला था।
पुलिस ने काफी खोजबीन के बाद हत्याकांड का खुलासा कर आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार लिया। पुलिस के मुताबिक घटना के दिन आरोपी सुमित ने पिंकी को कॉल किया था। इसके बाद वह उसके घर पहुंचा था। पुलिस ने पिंकी के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली तो लास्ट कॉल सुमित की थी। इसके बाद पुलिस आरोपी तक पहुंच गई।
डेढ़ साल पहले मुलाकात हुई थी
डीसीपी सुनीति ने बताया करीब डेढ़ साल पहले सुमित पिंकी के घर किराये पर रहने के लिए आया था। इस दौरान सुमित और पिंकी के बीच दोस्ती हो गई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। यह बात कुछ दिनों बाद पिंकी के परिजनों को भी पता चल गई। परिजनों ने उसे घर से निकाल दिया था। इसके बाद वह कुछ दूर जाकर रहने लगा और लगातार पिंकी से बातचीत करता था। वह चोरी-छिपे पिंकी से मिलने भी आता था। रात में पिंकी ताला खोलकर उसे अंदर घर में ले जाती थी।
झगड़े की आशंका
पुलिस के मुताबिक, पुलिस का कहना है कि पिंकी की दिसंबर में शादी होनी थी। अभी कुछ दिनों पहले सुमित की भी किसी दूसरी युवती के साथ सगाई हो गई थी। आरोपी इससे खुश नहीं था। इसी के चलते उन दोनों के बीच झगड़ा चल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना के दिन रात को काफी देर तक दोनों के बीच बातचीत हुई थी। इस दौरान विवाद हुआ और प्रेमी ने पिंकी की हत्या कर दी।
नौकरी छूट गई थी
आरोपी प्रेमी सुमित ग्रेटर नोएडा की एक मोबाइल कंपनी में नौकरी करता था, लेकिन दो महीने पहले उसकी नौकरी छूट गई थी। इसके चलते उसका खर्चा नहीं चल पा रहा था। उसका सारा खर्च पिंकी ही चला रही थी। इसके चलते भी उन दोनों के बीच झगड़ा चल रहा था।
