ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRदिल्ली-नोएडा जाने वाले जरूर पढ़ें यह खबर, इन रास्तों पर अभी और बढ़ेगा जाम, ये वजह बढ़ाएंगी आपकी परेशानी

दिल्ली-नोएडा जाने वाले जरूर पढ़ें यह खबर, इन रास्तों पर अभी और बढ़ेगा जाम, ये वजह बढ़ाएंगी आपकी परेशानी

रिंग रोड से नोएडा आवाजाही करने वालों के लिए आने वाले कुछ महीने मुश्किल भरे होने वाले हैं। तीन स्थानों पर निर्माण कार्य के चलते दिल्ली-नोएडा रूट पर सफर करने वालों को जाम से जूझना पड़ेगा।...

दिल्ली-नोएडा जाने वाले जरूर पढ़ें यह खबर, इन रास्तों पर अभी और बढ़ेगा जाम, ये वजह बढ़ाएंगी आपकी परेशानी
वरिष्ठ संवाददाता,नई दिल्लीFri, 03 Dec 2021 07:46 AM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

रिंग रोड से नोएडा आवाजाही करने वालों के लिए आने वाले कुछ महीने मुश्किल भरे होने वाले हैं। तीन स्थानों पर निर्माण कार्य के चलते दिल्ली-नोएडा रूट पर सफर करने वालों को जाम से जूझना पड़ेगा। दिल्ली-नोएडा-दिल्ली फ्लाईवे (डीएनडी) पर 20 दिसंबर से मरम्मत कार्य शुरू करने की योजना है। 

बता दें कि रिंग रोड पर आश्रम अंडरपास के निर्माण के साथ ही आश्रम फ्लाईओवर के एक्सटेंशन का कार्य चल रहा है। वहीं, डीएनडी पर बने गड्ढे भरे जाने हैं। साथ ही अफ्रीका एवेन्यू फ्लाईओवर के ज्वाइंट एक्सपेंशन की मरम्मत का कार्य भी चल रहा है। डीएनडी की सड़क कुछ स्थानों से टूटी है, जिस पर पैच वर्क का कार्य किया जाना है। 

वहीं, डीएनडी पर कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट भी खराब हैं। उनकी मरम्मत का कार्य भी किया जाना है। डीएनडी फ्लाईवे से अफ्रीकन एवेन्यू फ्लाईओवर के बीच लगभग 15 किमी की दूरी में तीन स्थानों पर होने वाले इन कार्यों की वजह से आने वाले दिनों में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। 

इस रूट पर व्यस्त समय में सुबह और शाम के समय लगभग साढ़े तीन लाख वाहन गुजरते हैं। पीडब्ल्यूडी की ओर से यातायात पुलिस को पत्र लिखकर मरम्मत कार्य शुरू करने की सूचना दी गई है। यातायात पुलिस की ओर से से जैसे ही मरम्मत कार्य के लिए ट्रैफिक व्यवस्था की जाएगी, कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

जगह-जगह गड्ढे

डीएनडी पर किलोकरी से लेकर टोल बूथ तक आने और जाने वाले दोनों मार्गों पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। पूरे मार्ग पर छोटे-बड़े 200 से अधिक गड्ढे हैं। क्षतिग्रस्त सड़क के कारण वर्तमान समय में यातायात धीमी गति से चलता है। नोएडा से दिल्ली आने और जाने वाले हजारों चालकों को जाम से रोज जूझना पड़ता है। 

सड़क पर गड्ढों के कारण यातायात प्रभावित होता ही है, वाहनों के अनियंत्रित होने का खतरा भी बना रहता है। डीएनडी का जो हिस्सा दिल्ली के क्षेत्र में पड़ता है, वहां पूरे क्षेत्र में 80 प्रतिशत स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। अंधेरा होने की वजह से डीएनडी से बारापुला और सराय काले खां जाने वाले लूप पर भी लोगों को परेशानी होती है।

आश्रम अंडरपास पर पहले ही समस्या

दिल्ली-नोएडा रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को आश्रम अंडरपास के निर्माण कार्य के चलते पहले ही जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। अंडरपास निर्माण के चलते न्यू फ्रेंडस कॉलोनी की ओर से नोएडा जाने वाले वाहनों को प्रतिदिन जाम का सामना करना पड़ रहा है। आश्रम अंडरपास का निर्माण कार्य लगभग दो वर्ष से चल रहा है। 

कोरोना और प्रदूषण जैसे कारणों की वजह से समय-समय पर निर्माण कार्य रोक दिया गया। इसी के साथ मथुरा रोड और डीएनडी पर जाम की समस्या दूर करने के लिए आश्रम फ्लाईवे एक्सटेंशन का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान चेतावनी बोर्ड और लाइट लगाने और अन्य जरूरी उपाय किए जाने के निर्देश हैं।

वहीं, डीएनडी से बारापुला पर चढ़ने वाले लूप पर भी कहीं कोई संकेतक नहीं लगाया गया है, जिसके कारण रात में वाहन चालकों को परेशानी होती है। दिल्ली में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा आश्रम फ्लाई-वे एक्सटेंशन का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

ट्रैफिक धीमा

एम्स अस्पताल के बाद अफ्रीका एवेन्यू फ्लाईओवर की मरम्मत का कार्य भी पीडब्ल्यूडी की ओर से किया जा रहा है। हालांकि, पीडब्ल्यूडी की ओर से यह कार्य रात के समय किया जाता है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का कहना है कि यह कार्य आने वाले एक सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद यहां यातायात की गति सामान्य हो सकेगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें