नोएडा पुलिस ने सफाईकर्मी की बेटी के लिए निभाया पिता वाला फर्ज, धूमधाम से कराई शादी; बाइक और कैश संग दिए लाखों के उपहार

नोएडा। हिन्दुस्तान,
Follow us on Google News
share

नोएडा सेक्टर-63 थाने के एसएचओ अमित मान और उनके स्टाफ ने थाने के सफाईकर्मी की बेटी की शादी का सारा खर्च उठाकर मानवता की नई मिसाल पेश की है। यह शादी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

                                         -63

नोएडा पुलिस ने एक सफाई कर्मी की बेटी की शादी का सारा खर्च उठाकर मानवता की नई मिसाल पेश की है। सेक्टर-63 थाने के सफाई कर्मी की बेटी के विवाह में पुलिसकर्मियों ने ही बारातियों के स्वागत से लेकर टैंट और भोजन की पूरी व्यवस्था संभाली। उन्होंने न सिर्फ शादी की सारी रस्में पूरी कराईं बल्कि सफाईकर्मी की बेटी को खुद अपनी बेटी की तरह ससुराल के लिए विदा किया। इस दौरान वर-वधू को गृहस्थी का सामान भी उपहार में भेंट किया।पुलिसकर्मियों द्वारा कराई गई यह शादी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

सेक्टर-63 थाने के एसएचओ अमित मान ने बताया कि छिजारसी निवासी महेंद्र पिछले करीब एक-डेढ़ साल से थाने में सफाई का काम करते हैं। उनकी पत्नी को कैंसर है, जिसका इलाज चल रहा। महेंद्र पिछले कुछ दिनों से अपनी बेटी की शादी को लेकर परेशान थे। उन्होंने एक बार इसको लेकर अपनी चिंता जाहिर की थी। इसके बाद तय किया गया कि पूरे थाने के सहयोग से उनकी बेटी की शादी कराई जाएगी। इसको लेकर पुलिसकर्मियों से चर्चा की गई और सभी सहयोग के लिए तैयार हो गए।

थाने में तैनात सौ कर्मियों ने सहयोग किया : थाने में तैनात करीब 100 कर्मचारियों के सहयोग से रविवार को महेंद्र की बेटी का विवाह कराया गया। इस शादी में थाना पुलिस ने न सिर्फ 81 हजार रुपये कन्यादान में दिए, बल्कि गृहस्थी का सारा सामान भी तोहफे के रूप में दुल्हा-दुल्हन को दिया। थाना प्रभारी ने दूल्हे को मोटरसाइकिल भी उपहार में दी। एक डबल बैड, अलमारी, सोफा सेट, फ्रिज, वाशिंग मशीन, कूलर, एलईडी, गैस सिलेंडर चूल्हा, डिनर सेट और सुहाग का पूरा सामान भेंट किया गया।

पिता भावुक हुए

सफाईकर्मी महेंद्र के लिए पुलिस कर्मियों का यह सहयोग भावुक करने वाला पल था। नम आंखों से उन्होंने कहा, मैं कैसे सेक्टर-63 थाना पुलिस का शुक्रिया अदा करूं...मेरे पास इसके लिए कोई शब्द नहीं है। पुलिसकर्मियों ने मेरी परेशानी को समझा और सारी जिम्मेदारी खुद उठाते हुए मेरी बेटी की शादी कराई।

पुलिस की छवि बदल रही

नोएडा पुलिस अब अपनी छवि में बदलाव करते हुए मित्र पुलिस के रूप में सामने आ रही है। इससे पहले सड़क हादसे में घायल छात्रा की मदद के लिए कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने खुद एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी थी। पुलिसकर्मियों के ही बीमार पड़ने पर भी कमिश्नर ने मदद की थी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma

प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। करीब डेढ़ दशक से हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया का अनुभव भी हासिल कर चुके हैं। एक दशक से भी अधिक लंबा समय वह डिजिटल मीडिया में बिता चुके हैं।


प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी। इसके बाद वह थोड़े समय नेशनल दुनिया अखबार में भी रहे। वहां से निकलकर उन्होंने मार्च 2014 में न्यूज 18 के साथ डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में कदम रखा। वर्ष 2018 में वह लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े।


वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। इन्हें डिजिटल रीडर्स की पसंद और बदलते ट्रेंड्स को समझकर गहराई और सटीकता के साथ खबरें लिखने का अच्छा खासा अनुभव है। वह सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रखते हैं। उन्हें राजनीतिक विषयों पर खबरें लिखने और पढ़ने का शौक है।


प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर