ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRसपने में देखा पति कर रहा है मां की हत्या, पत्नी ने आधी रात को बुला ली पुलिस; फिर हुआ ऐसा

सपने में देखा पति कर रहा है मां की हत्या, पत्नी ने आधी रात को बुला ली पुलिस; फिर हुआ ऐसा

महिला पति को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़ी रही। पुलिस ने बताया कि सपने में अगर कोई इंसान कोई अपराध करता है तो आईपीसी की किसी भी धारा में उसे सजा देने का प्रावधान नहीं है।

सपने में देखा पति कर रहा है मां की हत्या, पत्नी ने आधी रात को बुला ली पुलिस; फिर हुआ ऐसा
Praveen Sharmaनोएडा। हिन्दुस्तानSat, 10 Jun 2023 03:22 PM
ऐप पर पढ़ें

एक महिला के सपने ने गुरुवार रात सेंट्रल नोएडा पुलिस की नींद उड़ा दी। दरअसल, महिला ने सोते हुए सपने में देखा था कि उसका पति चाकू से उसकी मां का गला काट रहा है। हड़बड़ाहट में उसने तुरंत डॉयल 112 पर कॉल कर पुलिस को इसकी सूचना दी। आनन-फानन में थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ उसके घर पहुंचे तो महिला का पति आराम से घर के अंदर सोता हुआ मिला।

पुलिस ने जब फोन करने वाली महिला से पूछा कि हत्या कहां हुई है और उसकी मां कहां है, उसने बताया कि उसकी मां सैकड़ों किलोमीटर दूर बिहार में रहती है और बगल में सो रहे पति ने कुछ मिनट पहले बिहार में उसका गला रेता है। पुलिस के लिए यह पूरा मामला पहेली बन गया। पूछताछ में पता चला कि ऐसा हकीकत में नहीं बल्कि उसके सपने में हुआ था। इतना ही नहीं, उस महिला ने पुलिस कर्मियों से पति को जगाकर उसके तकिये के नीचे तलाशी लेने के लिए कहा। पुलिस की टीम ने जब तकिये के नीचे खंगाला तो वहां सब्जी काटने वाला चाकू मिला।

इसके बाद वह महिला पति को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़ी रही। पुलिस ने बताया कि सपने में अगर कोई इंसान कोई अपराध करता है तो आईपीसी की किसी भी धारा में उसे सजा देने का प्रावधान नहीं है। ऐसे में महिला ने कहा कि जो वह सपने में कर रहा था, वह हकीकत में भी कर सकता है।

पति ने तांत्रिक के कहने पर तकिये के नीचे रखा चाकू : मामला उस समय और उलझ गया, जब पति ने पुलिस को बताया कि वह बार-बार सपना देखता है कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर अपने साथी के साथ भाग गई है। ऐसे सपने बार-बार आने पर पति तांत्रिक के पास गया था। तांत्रिक ने उसे अपने तकिये के नीचे चाकू रखकर सोने के लिए कहा था। तांत्रिक ने कहा था कि अगर वह चाकू रखकर नहीं सोएगा तो पत्नी सच में अपने साथी संग भाग जाएगी। सपनों के इस केस में पुलिस करीब तीन घंटे तक उलझी रही। दोनों एक दूसरे की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा घंटों काउंसलिंग के बाद दोनों साथ रहने के लिए राजी हुए।

पति-पत्नी की काउंसलिंग कराई गई

नोएडा पुलिस ने देर रात 3 बजे महिला की बिहार में रहने वाली उसकी मां से बात की तो वह पूरी तरह से ठीक थीं। पुलिस ने सास और दामाद की भी बात कराई। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरा मामला शांत होने के बाद तड़के पुलिस जैसे ही थाने पर पहुंची। महिला ने फिर से डॉयल 112 पर कॉल कर कहा कि पति ने उसकी हत्या कर दी तो क्या होगा। पुलिस ने कहा कि ऐसा नहीं होगा तो महिला ने कहा कि ऐसा सपना भी आ चुका है। सपना सच होता है। इसके बाद दो पुलिसकर्मी दोबारा महिला के पास पहुंचे और दोबारा उसकी काउंसलिंग की।

मनोचिकित्सक के पास जाने की सलाह

थाना प्रभारी विंध्याचल तिवारी ने बताया कि महिला ने पुलिस को बताया कि पति ने सपने में उसकी मां की हत्या कर दी थी, इसलिए उसने पुलिस बुलाई। पुलिस ने पति-पत्नी की काउंसलिंग कराई है। इस मामले में महिला ने केस दर्ज नहीं कराया है। महिला को मनोचिकित्सक के पास जाने की सलाह दी गई है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें