उम्र में बच्चा पर क्रूरता में राक्षस जैसा, 60 बार चाकू मारकर नाचने वाले कातिल का खौफ
राजधानी दिल्ली के वेलकम इलाके में 17 साल के एक लड़के की हत्या और महज 16 साल के कातिल की क्रूरता ने सबको खौफजदा कर दिया है। लड़के की खौफनाक करतूत से लोग डर गए और उसे रोकने की हिम्मत नहीं जुटा सके।

राजधानी दिल्ली के वेलकम इलाके में 17 साल के एक लड़के की हत्या और महज 16 साल के कातिल की क्रूरता ने सबको खौफजदा कर दिया है। मंगलवार रात यहां शराब के नशे में चूर नाबालिग लड़के ने 350 रुपए लूटने के लिए उम्र में अपने से बड़े लड़के का कत्ल कर डाला। उसने 60 से अधिक बार चाकू से गोदा और बीच-बीच में लाश के पास खड़े होकर नाचता रहा। कई लोगों ने उसे ऐसा करते हुए देखा लेकिन कोई भी रोकने की हिम्मत नहीं जुटा सका। किसी ने कोशिश भी की तो उसने चाकू लेकर दौड़ा दिया।
बुधवार को घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जिसमें वह क्रूरता की हदें पार करता दिख रहा है। हाथ में खून से सना चाकू लेकर वह लाश को खींचकर गली में लाता दिख रहा है। मर जाने के बाद भी वह कभी गला रेतता है तो कभी नाचता-उछलता है। चिल्लाते हुए अपनी करतूत का बखान करता है। उसके इस रूप ने आसपास के सभी लोगों को खौफजदा कर दिया था। नाबालिग होने की वजह से पुलिस ने उसकी पहचान उजागर नहीं की है।
गली नंबर 18, जहां इस घटना को अंजाम दिया गया, के निवासियों का कहना है कि घटना के बाद से वे बेहद डरे हुए हैं। इतने कम उम्र के लड़के को ऐसी हैवानियत करते देखकर लोग इतने डरे हुए हैं कि अधिकतर लोग उसके खिलाफ कुछ बोलतना तक नहीं चाहते। कुछ लोगों ने अपनी पहचान गुप्त रखने की अपील करते हुए घटना के बारे में जानकारी दी। 25 साल के एक निवासी ने कहा, 'उसके हाथ खून से सने हुए थे। वह सिगरेट पी रहा था और चाकू लहरा रहा था। वह यहां वहां घूमते हुए नाच रहा था और बीच-बीच में चिल्लाता था- मैंने मार डाला। उसने बहुत शराब पी रखी थी।'
एक अन्य निवासी शबनम बेगम (45) ने कहा कि हत्या सबके सामने गली में हुई, लेकिन हर कोई इतना डरा हुआ था कि कोई कुछ कर नहीं पाया। उन्होंने कहा, 'लोगों ने उसे अपने घर से उसे हत्या करते हुए देखा, लेकिन लोग बहुत डरे हुए थे और उसकी धमकी की वजह से कोई कुछ कर नहीं पाया। एक व्यक्ति ने मृतक को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन हमलावर चाकू लेकर उनके पीछे भी दौड़ा। वह किसी तरह जान बचाकर अपने घर तक भागने में कामयाब रहे।' 65 साल के एक अन्य शख्स ने पहचान गोपनीय रखने की अपील करते हुए कहा, 'हम अपने घर का दरवाजा बंद रखते हैं क्योंकि गली में अक्सर लड़के और नौजवान शराब पीते हैं और लोगों को धमकाते हैं। यदि हम उन्हें गेट के बाहर पीने से मना करते हैं तो वे रात को दरवाजा पीटकर हमें परेशान करते हैं।'
अपना सरनेम छिपाने की अपील करते हुए 30 साल की हीना ने कहा कि उसकी 10 साल की बेटी डरते हुए हर दिन इस गली से स्कूल जाती है। उसने कहा, 'अपराध की वजह से कई लोगों ने यह जगह छोड़ दी है। मैं भी किसी दूसरे इलाके में फ्लैट देख रही हूं।' डीसीपी (नॉर्थ ईस्ट) जॉय टिर्की ने कहा, 'यह बहुत घनी आबादी वाला इलाका है, इसलिए अपराध संभावित क्षेत्र भी है। हम यहां कानून व्यवस्था को कायम रखने के लिए अधिक पट्रोलिंग करते हैं। इस केस में कंट्रोल रूम को फोन नहीं किया गया था, क्योंकि अपराध के तुरंत बाद पास में ही पट्रोलिंग कर रहे पुलिसकर्मी पहुंच गए थे। आरोपी को तुरंत पकड़ लिया गया था।'
जाफराबाद में रहने वाली पीड़ित की मां चाहती है कि आरोपी नाबालिग पर व्यस्क के रूप में केस चलाया जाए। बेटे के कत्ल की खबर मिलने के बाद से रो-रोकर अपना बुरा हाल कर चुकी महिला ने कहा, 'उसे कठोर सजा मिलनी चाहिए, नाबालिग होने की वजह से उसे कुछ ही महीनों में छोड़ ना दिया जाए नहीं तो वह फिर किसी को मारेगा। उस पर व्यस्क की तरह केस चलना चाहिए।' कातिल लड़के की मां भी बेटे के लिए कठोर सजा चाहती है। जनता मजदूर कॉलोनी में रहने वाली कातिल की मां ने कहा, 'उसे सुधार गृह से जल्दी नहीं छोड़नाच चाहिए। मैंने पुलिस से भी यही मांग की है।' 35 साल की महिला ने बताया कि उसके बेटे ने 9वीं क्लास तक पढ़ने के बाद स्कूल छोड़ दिया था। वह बहुत शराब पीता है और घर से जबरन पैसे ले जाता था। मृतक लड़के के परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह पहले भी एक-दो कत्ल कर चुका है। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।