ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRमुंडका अग्निकांड: दूसरी मंजिल पर खौफनाक मंजर, मिले शवों के ढेर

मुंडका अग्निकांड: दूसरी मंजिल पर खौफनाक मंजर, मिले शवों के ढेर

देररात तक मौके पर बचाव व राहत अभियान जारी था। रात एक बजे भी दमकल की गाड़ियां आग बुझाने के लिए लगातार कोशिश कर रही थीं। इस बीच तीसरी मंजिल से अचानक आग भड़क उठी है। तभी दमकल की एक टीम पानी की पाइप लेकर

मुंडका अग्निकांड: दूसरी मंजिल पर खौफनाक मंजर, मिले शवों के ढेर
लाइव हिंदुस्तान,नई दिल्लीSat, 14 May 2022 08:29 AM
ऐप पर पढ़ें

आग लगने पर जान बचाने के लिए जो लोग ऊपर की तरफ भागे उन्हें मौत मिली। ऊपर की तरफ धुआं तेजी से फैल गया और निकलने का रास्ता नहीं मिला। मुंडका की इस इमारत की दूसरी मंजिल पर खौफनाक मंजर का सामना दमकल कर्मियों को करना पड़ा। जब वे पहुंचे तो अधिकांश शव दूसरी मंजिल पर पड़े हुए मिले जिनकी शिनाख्त संभव नहीं थी। दमकलकर्मियों ने कुछ शव तीसरी मंजिल से भी बरामद किए।

दम घुटने से मौतें
पहली मंजिल पर जीने के पास आग लगनी शुरू हुई थी। इमारत में एक ही जीना था। इसके चलते लोग ऊपर की तरफ भागे। पहली मंजिल से धुआं भरना शुरू हुआ और लोग जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल की तरफ भागे। लेकिन धुएं की चपेट में आकर दम घुट गया और जान गंवा बैठे। माना जा रहा है कि पहली मंजिल पर बिजली की तारों में आग लगने से धुआं फैला।

रस्सी के सहारे उतर रहे थे
घटना के वक्त पहली मंजिल पर कर्मचारियों की भीड़ थी। जब धुआं फैलना शुरू हुआ तो कुछ लोग बालकनी पर आ गये जिन्हें दमकल कर्मियों ने बचा लिया। वहीं कुछ लोग इमारत के बगल में बनी खिड़की से रस्सी के सहारे उतर रहे थे। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसी दौरान एक महिला की गिरने से मौत भी हो गई थी। लेकिन इमारत के भीतरी हिस्से में फंसे लोग सीढ़ी के सहारे उपर भागने लगे। जब दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया तो इमारत में तलाशी अभियान शुरू किया।

शवों की शिनाख्त भी मुश्किल
दमकल कर्मियों की टीम ने इमारत की सीढ़ियों के पास दो शवों को बरामद किया। फिर दूसरी मंजिल से 15 शव पड़े मिले जिनकी शिनाख्त भी मुश्किल हो पा रही थी। फिर दमकल की टीम जब तीसरी मंजिल पर पहुंची तो उन्हें आठ शव यहां पड़े मिले। ऐसा लग रहा था कि ये सभी छत की तरफ जाना चाहा रहे थे लेकिन धुएं की वजह से दम घुट गया।

फायर विभाग की एनओसी नहीं थी
हादसे वाली इमारत में फायर उपकरणों की कोई व्यवस्था नहीं थी। व्यावसायिक गतिविधियों से पहले फायर विभाग की एनओसी नहीं ली गई। आग लगने के बाद इमारत में उसे बुझाने का कोई इंतजाम नहीं था और हालात भयानक हो गए।

आपातकालीन निकासी की व्यवस्था नहीं
मुंडका की जिस इमारत में यह भयानक हादसा हुआ वहां आपातकालीन निकासी की कोई व्यवस्था नहीं थी। एक बार आग लगने के बाद लोग बड़ी संख्या में इमारत में फंस गए और आग और धुएं की चलते उनकी मौत हो गई।

अंदर फंसे लोगों के बारे में नहीं थी जानकारी
आग शाम करीब पांच बजे लगी। सूचना पर दमकल की गाड़ियां पहुंचीं। अंदर कितने लोग काम करते हैं और कितने लोग फंसे हैं, इसके बारे में सही सूचना नहीं थी। देर रात आग बुझने के बाद शवों को तलाशने का काम शुरू हुआ।

मानकों के अनुरूप नहीं है इमारत
जिस इमारत में आग लगी है, प्रथम दृष्टया यह मानकों के अनुरूप नहीं दिख रही है। व्यावसायिक गतिविधियों के लिए मानकों के अनुरूप निर्माण नहीं किया गया। इसके चलते आग लगने पर ज्यादा लोगों की जान गई।

इमारत में था अति ज्वलनशील पदार्थ
इमारत में सीसीटीवी का सामान था। प्लास्टिक के सामान में आग लगने से बड़ी मात्रा में धुआं निकला। अधिकांश लोगों की मौत धुएं के चलते हुए। इमारत संचालकों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया।


इमारत के मालिक को गिरफ्तार किया
पुलिस ने इमारत के मालिक मनीष लाकड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बगैर फायर एनओसी व्यावसायिक गतिविधि चल रही थी। पूरे मामले की पुलिस टीम जांच करेगी। सीसीटीवी बनाने वाली कंपनी के मालिकों को भी गिरफ्तार कर लिया है।

देर रात मौके पर पहुंचे मंत्री सत्येंद्र जैन
दिल्ली सरकार में गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन देर रात मुंडका पहुंचे। उन्हें मौके का मुआयना किया। जैन ने घटना पर दुख जताया और कहा कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। 27 लोगों की इस हादसे में मौत हुई है। वे अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ले रहे हैं।

पांच घंटे तक बाधित रहा रोहतक रोड
मुंडका में आग की घटना के चलते रोहतक रोड पर पांच घंटे ट्रैफिक बाधित रहा। यहां राजधानी पार्क से मुंडका मेट्रो पिलर नगर 545 तक सड़क के दोनों तरफ व उसके आसपास इलाकों में करीब दो किलोमीटर तक जाम लग गया।

इस बारे में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी एडवाइजरी जारी की। शाम करीब छह बजे तक घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़, बचाव दल कर्मी व दमकल विभाग के वाहन पहुंचने पर रोहतक रोड व आसपास के मार्ग बाधित होने शुरू हो गए थे।

रातभर चला अभियान
देररात तक मौके पर बचाव व राहत अभियान जारी था। रात एक बजे भी दमकल की गाड़ियां आग बुझाने के लिए लगातार कोशिश कर रही थीं। इस बीच तीसरी मंजिल से अचानक आग भड़क उठी है। तभी दमकल की एक टीम पानी की पाइप लेकर तीसरी मंजिल की तरफ दौड़ी और आग पर काबू पाया। चूंकि, पूरी इमारत आग की वजह से कमजोर हो चुकी थी इसलिए दमकल कर्मी बेहद एहतियात से बचाव कार्य कर रहे थे।

अपनों को खोज रहे थे
मौके पर लोग अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को ढूंढ़ने के लिए घूम रहे थे। वहीं, पुलिसकर्मी भी उन्हें दिलासा दे रहे थे। परिजनों को भी मालूम हुआ कि कई लाशों की पहचान भी मुश्किल हो पा रही है। इसके लिए डीएनए परीक्षण का सहारा लेना पड़ेगा। मौके पर अस्पताल से लौट कर आए एक परिवार ने बताया कि परिजन वहां भी नहीं है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें