ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRदिल्ली में कोरोना से उबरे करीब 2.25 लाख लोगों में से 50% होम आइसोलेशन में हुए ठीक : आंकड़े

दिल्ली में कोरोना से उबरे करीब 2.25 लाख लोगों में से 50% होम आइसोलेशन में हुए ठीक : आंकड़े

राजधानी दिल्ली में कोविड-19 से अब तक उबरे कुल 2,24,375 लोगों में से 50 प्रतिशत से अधिक लोग घर में होम आइसोलेशन में रहते हुए ठीक हुए हैं। यह जानकारी दिल्ली सरकार के आंकड़ों से मिली...

दिल्ली में कोरोना से उबरे करीब 2.25 लाख लोगों में से 50% होम आइसोलेशन में हुए ठीक : आंकड़े
नई दिल्ली। भाषाSat, 26 Sep 2020 09:44 AM
ऐप पर पढ़ें

राजधानी दिल्ली में कोविड-19 से अब तक उबरे कुल 2,24,375 लोगों में से 50 प्रतिशत से अधिक लोग घर में होम आइसोलेशन में रहते हुए ठीक हुए हैं। यह जानकारी दिल्ली सरकार के आंकड़ों से मिली है। 

आधिकारिक आंकड़े के अनुसार मई के पहले सप्ताह से 23 सितम्बर तक कोविड-19 के हल्के लक्षण वाले कुल 1,34,113 लोगों को होम आइसोलेशन में भेजा गया जिसमें से 1,13,374 को प्रोटोकॉल के अनुसार छुट्टी दे दी गई।

एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कहा कि दिल्ली सरकार कोविड-19 प्रबंधन के दिल्ली मॉडल की एक मुख्य विशेषता के तौर पर होम आइसोलेशन पर बहुत जोर देती है। संक्रमित व्यक्तियों की संख्या में वृद्धि के साथ, होम आइसोलेशन बढ़ते मामलों को संभालने के लिए एक बहुत ही उपयोगी तरीके के तौर पर सामने आया है। वर्तमान समय में दिल्ली के 11 जिलों में (23 सितंबर तक) 17,995 उपचाराधीन कोविड-19 रोगी हैं। 

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, होम आइसोलेशन कर रहे सबसे अधिक 3,077 उपचाराधीन कोविड-19 रोगी पश्चिम जिले में, इसके बाद 2,261 रोगी उत्तर-पश्चिम जिले में, 1,844, दक्षिण-पश्चिम जिले में, 1,808 दक्षिण जिले में और 1,710 पूर्वी जिले में हैं।

आंकड़ों के अनुसार होम आइसोलेशन में सबसे कम 759 कोविड-19 रोगी उत्तर-पूर्व जिले में और 989 मरीज नई दिल्ली में हैं, जबकि बाकी जिलों में इनकी संख्या 1,000-2,000 के बीच है।

आंकड़ों से यह भी पता चलता है कि 23 सितंबर तक कोविड-19 के कारण 41 लोगों की मौत होम आइसोलेशन के दौरान हुईं। 2,700 से अधिक उन रोगियों को अस्पतालों में भर्ती करवाया गया जिनमें मध्यम या गंभीर लक्षण सामने आए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें