ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRउत्तर-पश्चिमी दिल्ली ने दिया हंसराज को मौका, साढ़े 5 लाख वोटों से जीते

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली ने दिया हंसराज को मौका, साढ़े 5 लाख वोटों से जीते

लोकसभा चुनाव 2019 के परिणाम के बाद दिल्ली की 7 संसदीय सीटों में से एक और अहम उत्तर-पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट पर हुए राजनीति के रोमांचक मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी मशहूर सूफी गायक हंसराज हंस ने...

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली ने दिया हंसराज को मौका, साढ़े 5 लाख वोटों से जीते
नई दिल्ली | लाइव हिन्दुस्तान टीम Fri, 24 May 2019 03:47 PM
ऐप पर पढ़ें

लोकसभा चुनाव 2019 के परिणाम के बाद दिल्ली की 7 संसदीय सीटों में से एक और अहम उत्तर-पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट पर हुए राजनीति के रोमांचक मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी मशहूर सूफी गायक हंसराज हंस ने साढ़े 5 लाख से अधिक वोटों के साथ शानदार जीत दर्ज की है। हंसराज हंस ने 'आप' के उम्मीदवार गुग्गन सिंह और कांग्रेस के राजेश लिलोठिया और को पराजित कर जीत का सेहरा अपने नाम किया है। इस त्रिकोणीय मुकाबले में इस बार तीनों ही बड़े दलों यहां नए चेहरों पर दांव लगाया था।

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से पहली बार चुनाव लड़े भाजपा प्रत्याशी हंसराज हंस को 8,88,663 वोट मिले हैं। वहीं, उनके प्रतिद्वंद्वी रहे 'आप' के गुग्गन सिंह को 2,94,766 वोट और कांग्रेस नेता राजेश लिलोठिया को 2,36,882 वोटों से संतोष करना पड़ा है। इस बार इस सीट पर 23,77,604  मतदाताओं ने मताधिकार के माध्यम से अपना सांसद चुना है। दिल्ली में 12 मई को वोट डाले गए थे।

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली सीट मतदाताओं की संख्या के लिहाज से सबसे बड़ी लोकसभा सीट है। यह सुरक्षित सीट है। बाहरी दिल्ली के अधिकतर गांव इस सीट का हिस्सा हैं। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट के अंतर्गत सुल्तानपुर माजरा, मंगोलपुरी, किराड़ी, समयपुर बादली, नरेला, नांगलोई, मुंडका, रिठाला, बवाना और रोहिणी जैसे विधानसभा क्षेत्र आते हैं।

इस बार इनके बीच रहा त्रिकोणीय मुकाबला

हंसराज हंस (भाजपा) : मशहूर सूफी गायक 41 वर्षीय हंसराज राज कई बार राजनीतिक दल बदल चुके हैं। वर्ष 2009 में वह शिरोमणी अकाली दल के साथ थे। वहीं, वर्ष 2014 में वह भाजपा जुड़े। फिर वर्ष 2016 में वह कांग्रेस के साथ चले गए। इसके बाद 2016 में ही दोबारा भाजपा में आ गए। इस बार भाजपा ने उन्हें इस सुरक्षित सीट से उम्मीदवार बनाया था।

राजेश लिलोठिया (कांग्रेस) : 54 वर्षीय राजेश लिलोठिया इस सीट पर सबसे युवा प्रत्याशी रहे। वर्तमान में दिल्ली कांग्रेस के तीन कार्यकारी प्रदेशध्यक्ष में से एक हैं। राजेश दिल्ली कांग्रेस में दलित चेहरे के रूप में पहचान रखते है। वह ‘आप' के साथ गठबंधन का विरोध करने पर मुखर होने पर बीते दिनों चर्चा में रहे। इसके बाद भी कांग्रेस ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रत्याशी बनाया।

गुग्गन सिंह (‘आप') : 70 वर्षीय गुग्गन सिंह इस सीट पर सबसे बुजुर्ग उम्मीदवार रहे। वह लंबे समय तक भाजपा में रहे और वर्ष 2013 में भाजपा के टिकट पर बवाना से विधायक भी बने। इसके बाद वर्ष 2017 में वह ‘आप' में शामिल हो गए। वह आईटीबीपी के पूर्व सैनिक भी रहे हैं। स्थानीय उम्मीदवार होने की वजह उन्हें सीट से दावेदार माना जा रहा था।

60 फीसदी हुआ मतदान

राजधानी की सातों संसदीय सीटों पर कुल 164 उम्मीदवार मैदान में थे। यहां 12 मई को लोकसभा चुनाव के छठे चरण में हुए मतदान में केवल 60 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था, जबकि 2014 में 65 प्रतिशत वोट पड़े थे।

60 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी रहे तैनात

मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे और पूरे शहर में होम गार्ड तथा अर्धसैनिक बलों समेत 60 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था। मतदान केंद्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 39,000 पुलिसकर्मी और 13,000 होमगार्ड शामिल थे।

2014 के लोकसभा चुनाव की स्थिति 

2014 के लोकसभा चुनाव में उत्तर-पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद उदित राज (भाजपा) को 6,29,860 वोट, राखी बिड़लान (आप) को 5,23,058 वोट और कांग्रेस की उम्मीदवार कृष्णा तीरथ को महज 1,57,468 वोट प्राप्त हुए थे।

2019 में यहां की मौजूदा स्थिति 

कुल मतदाता : 23,77,604

पुरुष मतदाता : 13,04,555

महिला मतदाता : 10,72,891

ट्रांस जेंडर मतदाता : 158

दिल्ली की सातों सीटों पर ये थे तीनों पार्टियों के उम्मीदवार

संसदीय सीट भाजपा कांग्रेस आप
चांदनी चौक डॉ. हर्षवर्धन जेपी अग्रवाल पंकज गुप्ता
नई दिल्ली मीनाक्षी लेखी अजय माकन बृजेश गोयल
पूर्वी दिल्ली गौतम गंभीर (क्रिकेटर) अरविंदर सिंह लवली आतिशी
उत्तर पूर्वी दिल्ली मनोज तिवारी शीला दीक्षित दिलीप पांडे
पश्चिमी दिल्ली प्रवेश वर्मा महाबल मिश्रा बलबीर सिंह जाखड़
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली हंसराज हंस (सिंगर) राजेश लिलोठिया गुग्गन सिंह
दक्षिणी दिल्ली रमेश बिधूड़ी विजेंद्र सिंह (बॉक्सर) राघव चड्ढा

पश्चिमी दिल्ली ने प्रवेश वर्मा को दिलाई सबसे बड़ी जीत,बनाया ये रिकॉर्ड

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें