ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRयोग दिवस पर वैंकेया नायडू ने लाल किले से दिया एकता और शांति का संदेश

योग दिवस पर वैंकेया नायडू ने लाल किले से दिया एकता और शांति का संदेश

विश्व को शांति एवं एकता के सूत्र में बांधने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारी संस्था एवं आयुष मंत्रालय ने लाल किले पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक विशाल योग कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें 40 हजार...

योग दिवस पर वैंकेया नायडू ने लाल किले से दिया एकता और शांति का संदेश
नई दिल्ली | लाइव हिन्दुस्तान टीम Fri, 21 Jun 2019 01:56 PM
ऐप पर पढ़ें

विश्व को शांति एवं एकता के सूत्र में बांधने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारी संस्था एवं आयुष मंत्रालय ने लाल किले पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक विशाल योग कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें 40 हजार से अधिक लोगों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू रहे जिन्होंने न केवल योग विषय पर चर्चा की बल्कि योग एवं व्यायाम करके उपस्थित लोगों का उत्साह भी बढ़ाया। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग को बढ़ावा देने के प्रयास की  प्रशंसा की। 

उपराष्ट्रपति ने विशेष रूप से युवाओं से योग को उनकी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग से पूर्ण मानव व्यक्तित्व पर एक सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इससे जीवन में शांति आती है और ऊर्जा बढ़ती है। यह हमें आंतरिक शांति प्रदान करता है जो वर्तमान में बहुत जरूरी है। कार्यक्रम में सभी धर्म के लोगों ने भाग लिया।

हैदराबाद के मौलाना आजाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय के कुलपति फिरोज बख्त अहमद ने कहा कि जहां विज्ञान समाप्त हो जाता है, वहां पर योग काम करता है। यह विज्ञान से कहीं आगे है। उन्होंने ओम शब्द की महत्वता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह एक शब्द प्रदर्शित करता है कि ईश्वर एक ही है वह किसी धर्म के लिए अलग नहीं है।

उन्होंने कहा कि योग के बल पर धर्म और मजहब के मकड़जाल से छूट समाज एकजुट हो सकता है। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां अल्लाह का सत्य परिचय पाकर उनका जीवन ही बदल गया।

भारत स्थित बहाई सम्प्रदाय एवं लोटस टेम्पल के राष्ट्रीय न्यासी डॉ. ए.के. मर्चेंट ने प्रभु से एकता का वर मांगा। दिल्ली यहूदी सम्प्रदाय सिनागोग के मुख्य पुजारी व सचिव राबी आइजैक ने सभी से राजयोग को जीवन शैली में शामिल करने का अनुरोध किया। बीके ब्रजमोहन ने गीता में वर्णित योग का सार समझाते हुए इसमें लिखे संदेश लोगों को ध्यान दिलाए। 

कार्यक्रम में योग के विभिन्न आसन भी लोगों को सिखाए गए। पंडित शिवा नंद मिश्रा ने मंत्रोच्चारण किए। इससे पूर्व बीके चक्रधारी दीदी ने उपराष्ट्रपति का स्वागत करते हुए उनको तुलसी का पौधा भेंट किया। बीके आशा ने योग को बढ़ावा देने के सरकार के प्रयास की प्रशंसा की। कार्यक्रम में बीके पुष्पा,बीके सपना आदि का मुख्य योगदान रहा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें