ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRगालीबाज श्रीकांत त्यागी को पकड़ने में क्यों लगे 4 दिन, कहां-कहां छिपा; पुलिस ने सब बताया

गालीबाज श्रीकांत त्यागी को पकड़ने में क्यों लगे 4 दिन, कहां-कहां छिपा; पुलिस ने सब बताया

नोएडा पुलिस ने बताया कि घटना के बाद सबसे वह पहले दिल्ली एयरपोर्ट के लिए निकला, लेकिन तब तक वीडियो बहुत वायरल हो चुका था और उसने इरादा बदलते हुए मेरठ से हरिद्वार-ऋषिकेश तक में छिपा।

गालीबाज श्रीकांत त्यागी को पकड़ने में क्यों लगे 4 दिन, कहां-कहां छिपा; पुलिस ने सब बताया
Sudhir Jhaलाइव हिन्दुस्तान,नोएडाTue, 09 Aug 2022 07:17 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

नोएडा की एक सोसायटी में महिला को धमकी और गाली देने वाले नेता श्रीकांत त्यागी को पुलिस ने मेरठ से गिरफ्तार कर लिया है। नोएडा के सीपी आलोक सिंह ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि त्यागी किस तरह चार दिन तक पुलिस से बचता रहा। उन्होंने बताया कि त्यागी यूपी से बाहर भी गया और ट्रेस किए जाने से बचने के लिए लगातार डिवाइसेज भी बदलता रहा। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद सबसे वह पहले दिल्ली एयरपोर्ट के लिए निकला, लेकिन तब तक वीडियो बहुत वायरल हो चुका था और उसने इरादा बदलते हुए मेरठ से हरिद्वार-ऋषिकेश तक में छिपा।

सीपी आलोक सिंह ने कहा कि आरोपी बहुत चालाकी से खुद को छिपा रहा था। टेक्निकल सर्विलांस से खुद को बचाने के लिए रेडियो साइलेंस और इलेक्ट्रॉनिक साइलेंस भी अख्तियार किया। उसको भागने में मदद करने वाले और शरण देने वालों को लगाता ट्रेस किया गया और मंगलवार को उसे मेरठ के पास से गिरफ्तार किया गया। यह बहुत चाइलेंजिंग असाइनमेंट था। लेकिन पुलिस ने इसे स्वीकार करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। 

'श्रीकांत को स्वामी प्रसाद मौर्य ने दिया था यूपी सचिवालय का स्टिकर'

एयरपोर्ट के लिए निकला था श्रीकांत, यूपी से बाहर भी गया
सीपी ने बताया कि पहले उसने दिल्ली एयरपोर्ट के तरफ जाने की कोशिश की लेकिन तब तक वीडियो इतना वायरल हो चुका था कि उसने अपना ट्रैक बदला। श्रीकांत त्यागी एयरपोर्ट के बाद मेरठ पहुंचा। रात मेरठ में गुजारी। अगले दिन अपने सारे डिवाइस बदलकर आगे गया। वह यूपी की सीमा से बाहर भी गया। वह मेरठ, मुजफ्फरनगर, हरिद्वार और ऋषिकेश तक गया।

किन लोगों ने दी शरण पता लगा रही पुलिस
आलोक सिंह ने बताया कि एक सूचना के आधार पर नोएडा पुलिस ने त्यागी को मेरठ से तड़के गिरफ्तार किया। उसके साथ मौजूद चार अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि श्रीकांत त्यागी से गहनता से पूछताछ की जा रही है, उसे फरार रहने के दौरान किस-किस ने शरण दी इस बात की भी जानकारी हासिल की जा रही है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान कुछ अहम जानकारी मिली है। जिसके आधार पर पुलिस अग्रिम कार्रवाई करेगी। पुलिस आयुक्त ने बताया कि श्रीकांत त्यागी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को उनके तथा उत्तर प्रदेश शासन  द्वारा इनाम प्रदान किया जा रहा है। इससे पूर्व नोएडा पुलिस ने त्यागी को फरार घोषित किया और उस पर 25 हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा की थी।

क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि सेक्टर 93-बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में रहने वाली एक महिला ने सोसायटी में नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए श्रीकांत त्यागी द्वारा कुछ पेड़ लगाने पर आपत्ति जताई थी जिसके बाद त्यागी ने महिला के साथ कथित तौर पर अभ्रद व्यवहार किया और उसे धक्का भी दिया था। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक हो गया था। श्रीकांत त्यागी खुद को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़ा हुआ बताता है, जबकि पार्टी ने उससे दूरी बनाए रखी है। मामले को लेकर विपक्षी दलों ने भी भाजपा पर निशाना साधा है। विपक्षी दलों ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ त्यागी की कथित तस्वीरें भी साझा की हैं। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें