ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRगुरुग्राम के उद्योग विहार फेज-4 में स्टंटबाजों ने लोगों पर चढ़ाई कार, एक की मौत, दो घायल

गुरुग्राम के उद्योग विहार फेज-4 में स्टंटबाजों ने लोगों पर चढ़ाई कार, एक की मौत, दो घायल

गुरुग्राम में कारों से स्टंट कर रहे स्टंटबाजों ने लोगों पर कार चढ़ा दी जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है

गुरुग्राम के उद्योग विहार फेज-4 में स्टंटबाजों ने लोगों पर चढ़ाई कार, एक की मौत, दो घायल
Krishna Singhपीटीआई,गुरुग्रामMon, 07 Nov 2022 01:46 AM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

गुरुग्राम में शराब के नशे में कार से स्टंट कर रहे स्टंटबाजों ने लोगों को कुचल दिया जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को बताया कि गुरुग्राम के उद्योग विहार फेज-4 में कथित तौर पर करीब 10 से 12 युवकों को तीन कारों- मारुति अर्टिगा, हुंडई वेन्यू और हुंडई क्रेटा से तड़के करीब दो बजे एक शराब की दुकान के सामने स्टंट करते देखा गया। इनमें से कार से स्टंट कर रहे एक शख्स ने शराब के नशे में लोगों को टक्कर मार दी जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। 

दो घायलों में से एक शिकायतकर्ता अन्नू कुमार गुप्ता ने बताया कि वह दुर्घटनास्थल के पास शराब की दुकान पर काम करता है। उसने रविवार को तड़के दुकान के बाहर शोर सुना और अपने सहयोगी सुशील के साथ यह पता लगाने के लिए निकला कि आखिर हुआ क्या है।

अन्नू कुमार गुप्ता ने अपनी शिकायत में कहा है कि एर्टिगा चलाने वाले शख्स ने मुझे और सुशील को टक्कर मार दी। सड़क पर एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था जो कार की चपेट में आने के कारण मारा गया। सीसीटीवी फुटेज में युवकों को कार से स्टंट करते देखा जा सकता है। गुरुग्राम में हुई इस सनसनीखेज वारदात से लोग हैरान हैं।  

पुलिस ने बताया कि मृतक व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन वह कचरा बीनने वाला लग रहा है। मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जाती है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। 

आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी (आपराधिक साजिश), 147 (दंगे), 149 (गैरकानूनी सभा), 302 (हत्या), 307 (हत्या का प्रयास), 323 (चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपितों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। यही नहीं पंजीकरण प्राधिकरण से कारों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें