कंझावला केस के कितने रहस्य? अब होटल मैनेजर के दावे से ट्विस्ट, बताया क्या हुआ था उस रात
कंझावला केस में नया मोड़ आ गया है। होटल के मैनेजर ने दावा किया है कि इन लड़कियों ने कमरा बुक किया था। उनके कुछ मेल फ्रेंड्स भी मिलने आईं थीं। इस दौरान दोनों लड़कियों में झगड़ा भी हो गया था।

कंझावाला कांड में जांच आगे बढ़ने के साथ नए-नए तथ्य सामने आ रहे हैं। पता चला है कि कार से घसीटे जाने से पहले मृतक लड़की एक होटल में दोस्तों के साथ पार्टी करने पहुंची थी। वहां से वह एक सहेली के साथ स्कूटी से निकली थी। होटल के मैनेजर ने यह भी दावा किया है कि इन लड़कियों ने यहां होटल में कमरा बुक किया था। उनके कुछ मेल फ्रेंड्स भी मिलने आईं थीं। इस दौरान दोनों लड़कियों में झगड़ा भी हो गया था। दोनों एक दूसरे को गालियां दे रही थीं। टोके जाने पर दोनों साथ निकल गईं थीं।
होटल मैनेजर अनिल ने कहा कि दोनों लड़कियां साढ़े सात बजे आईं थीं और सवा एक बजे के करीब निकली थी। दोनों लड़कियों के बीच लड़ाई हुई थी, दोनों एक दूसरे को गाली दे रही थीं। लड़कियों ने ही होटल में कमरा बुक किया था। कुछ लड़के भी मिलने आए थे। लेकिन कुछ ही देर अंदर रहे थे। लड़की पहले भी किसी दोस्त के साथ होटल में कमरा बुक कर चुकी थी। दोनों के बीच जब झगड़ा हुआ तो उन्हें यहां से जाने को कहा गया क्योंकि दूसरे ग्राहक डिस्टर्ब हो रहे थे।
यह भी पढ़ें: होटल से दोस्त संग निकली थी लड़की, दरिंदगी से पहले का सामने आया वीडियो
अनिल ने दावा किया कि उसे इस होटल में आए एक महीना ही हुआ था। लेकिन उसने पहले भी उस लड़की को यहां अपने दोस्त के साथ आते देखा था। अंदर लड़ाई होने के बाद उन्हें यहां से जाने को कहा था। इसके बाद दोनों एक दूसरे की गाली देते हुए नीचे चली गईं। उनके साथ 5-7 लोग थे। होटल के एक स्टाफ रोहित ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि दोनों लड़कियां पार्टी कर रही थीं। उन्होंने ड्रिंक की थी। काफी देर से लड़ाई-झगड़ा चल रहा था। उन्हें समझाने की कोशिश भी की गई थी। फिर दोनों यहां से चली गईं थीं।
होटल से मिले सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दोनों लड़कियां साथ में निकलती हैं। दोनों स्कूटी निकालते हुए बातचीत कर रही हैं। वहां कुछ और लोग भी खड़े हैं। फिर दोनों स्कूटी पर बैठकर निकल जाती हैं। शुरुआत में मृतक लड़की की सहेली स्कूटी चलाती दिखती है। हालांकि, रास्ते के एक अन्य सीसीटीवी फुटेज में मृतक लड़की स्कूटी चलाती दिख रही है जबकि सहेली पीछे बैठी है। बताया जा रहा है कि हादसे में दूसरी लड़की को मामूली चोट आई थी और वह उठकर घर चली गई। स्कूटी चला रही लड़की का पैर कार में फंस गया और आरोपी उसे 12 किलोमीटर तक घसीटते रहे।