ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRखुला माहौल न मिलने पर हो रहे खूंखार, ये हैं सबसे खतरनाक विदेशी कुत्ते

खुला माहौल न मिलने पर हो रहे खूंखार, ये हैं सबसे खतरनाक विदेशी कुत्ते

हम खूंखार नस्ल के विदेशी कुत्ते पाल तो रहे हैं, लेकिन क्या उन्हें वह माहौल दे रहे हैं जिसके वे आदी हैं? इनका जवाब समझने के लिए हमें इंसान के सबसे वफादार साथी को समझना होगा..........

खुला माहौल न मिलने पर हो रहे खूंखार, ये हैं सबसे खतरनाक विदेशी कुत्ते
Vishva Gauravहिंदुस्तान,नोएडा।Wed, 19 Oct 2022 07:31 AM
ऐप पर पढ़ें

नोएडा में कुत्तों ने सात माह के मासूम को मौत के घाट उतार दिया। चंद दिनों पहले लखनऊ में पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने बुजुर्ग मालकिन को मार डाला था। इन खबरों ने ऐसे लोगों के मन में दहशत बना दी है जो कुत्ते नहीं पालते। कुसूर किसका है? जानवर का या उसे पालने वालों का? हम खूंखार नस्ल के विदेशी कुत्ते पाल तो रहे हैं, लेकिन क्या उन्हें वह माहौल दे रहे हैं जिसके वे आदी हैं? इनका जवाब समझने के लिए हमें इंसान के सबसे वफादार साथी को समझना होगा...

डॉगी को गुस्सा क्यूं आता है
भय:
कुत्ता जब सामने वाले इंसान से डरता है तो आक्रामक हो जाता है।
ललकारना: पालतू कुत्ते को ललकारने से उसके भीतर बैठी हिंसक प्रवृत्ति जागती है।
बंधन: कभी खुले में रहने वाली कुत्तों की ये प्रजातियां अब बंधक बनकर रह गई हैं।
प्रशिक्षण अमेरिकन सोसाइटी फॉर द प्रिवेंशन ऑफ क्रूएलिटी टू एनिमल्स (एएसपीसीए) के अनुसार, घरों में पाले जा रहे 80 कुत्तों को सही प्रशिक्षण नहीं मिल पाता।

ये हैं दुनिया के सबसे खतरनाक कुत्ते
पिटबुल
खूबी:
दुनिया का खतरनाक कुत्ता। इसकी ताकत और इसकी बनावट इसे सभी से अलग करती है। भालू और सांड जैसे जीव की गर्दन पकड़कर उसे मारने में सक्षम होता है। इसलिए इसे फार्म हाउस की सुरक्षा के लिए पाला जाता है।
खतरा: बेहद गुस्सैल, खाने पर संकट आए तो मालिक तक पर हमला कर देता है।
ध्यान रखें: इसको लंबी वॉक पर ले जाना बेहद जरूरी है। इसे तैरना पसंद होता है। इसे बच्चों से दूर रखें।

बुलमास्तिफ
खूबी:
अमूमन शांत स्वभाव के होते हैं। किसी बाहरी सदस्य को संदिग्ध के रूप में देखते हैं।
ध्यान रखें: ये खुद की सुरक्षा को लेकर अन्य के मुकाबले ज्यादा सतर्क रहता है। अजनबी लोगों के प्रति इसका व्यवहार गुस्सैल होता है। निडर स्वभाव को प्रशिक्षण से बदल सकते हैं।

रॉटविलर
खूबी:
ये दुनिया के अन्य कुत्तों की तुलना में चौकन्ना और अत्यधिक सतर्क रहता है। इसे सेना में पाला जाता है। ये चीजों को बहुत जल्दी सीखता है।
ध्यान रखें: हर दिन दो घंटे व्यायाम इसके लिए जरूरी है। अधिक गर्मी से ये परेशान हो जाता है।

अमेरिकन बुलडॉग
खूबी:
एथलेटिक बॉडी वाला ये डॉग अपनी ताकत और ऊर्जा के लिए दुनियाभर में जाना जाता है। इसका जबड़ा बहुत मजबूत होता है।
ध्यान रखें: ये बिलकुल भी सामाजिक नहीं होते। संदेहास्पद स्थिति में सामने वाले पर तुरंत झपट्टा मारता है।

किन देशों में कौन प्रतिबंधित
1. अमेरिका:
रॉटविलर, पिटबुल, वोल्फडॉग, प्रेसा पर कई राज्यों में रोक
2. जर्मनी: अमेरिकन स्टैफर्डशायर टेरियर, बुल टेरियर, पिट बुल टेरियर, स्टैफर्डशायर बुल टेरियर
3. ब्रिटेन: पिट बुल टेरियर, जापानीज टोसा

बदलते मौसम से बिगड़ता है मिजाज
गर्मी बढ़ने से डॉगी के हांफने की दर बढ़ती है। सर्दियों की तुलना में गर्मी में वो ज्यादा थकते हैं जिससे वे हिंसक होने लगते हैं। अमेरिका में 2018 में कुत्तों के काटने के 4611 मामले सामने आए थे इसमें आधे से अधिक गर्मी के थे।

कुत्तों से इंसानों को होने वाले रोग
1. हाइडेटिड सिस्ट:
यह बीमारी कुत्तों के संपर्क में आने से फैलती है। इसकी चपेट में आने से लिवर और फेफड़े में झिल्ली बन जाती है।
2. फंगस: कुत्तों के ज्यादा गर्म घरों में रहने वालों में त्वचा का संक्रमण दिखता है।
3. हुकवॉर्म: हुकवॉर्म शरीर के भीतर पहुंचकर दर्द के साथ खुजली पैदा करते हैं।
4. सांस के रोग: ऐसे लोग जिन्हें अस्थमा, किडनी, सांस संबंधी एलर्जी, टीबी जैसी बीमारी हैं, उन्हें कुत्ता पालने से बचने की सलाह दी जाती है।

राय
जानवरों से प्रेम मनुष्य के स्वाभाविक गुणों में से एक है। इनको पालना सराहनीय कार्य है। बस, हमें इतना ध्यान रखना होगा कि हमारा शौक किसी दूसरे के लिए या खुद अपने लिए जानलेवा आफत न बन जाए। कहीं न कहीं यह जानवरों के लिए भी नुकसानदेह साबित होता है। ऐसे में जानवरों के पालने के नियम-कायदों का अनुपालन सुनिश्चित होना चाहिए। यह भी ध्यान रखना चाहिए कि कौन सा पशु किस स्थिति-परिस्थिति में स्वाभाविक तरीके से रह सकेगा।

हमला कर दिया तो क्या करें
1. अगर छिपने की जगह बिल्कुल सामने नहीं है तो भागे नहीं। आप कुत्ते से तेज नहीं भाग सकते।
2. अगर हाथ में कुछ सामान है तो उसे कुत्ते की ओर कर दें, कुत्ता उसपर झपटेगा।
3. दिमाग ठंडा रखें, चिल्लाएं ना अगर आप लंबे हैं तो सीधा खड़े रहें।
4. अगर आप गिर गए हैं तो खुद को गोल बॉल की तरह बनाकर आपकी गर्दन और पेट बचा लें।
5. अगर बदन पर जैकेट है और आपको उसे उतारने का मौका मिल गया तो जैकेट को कोहनी के आसपास लपेट लें और उसे एक ढाल की तरह इस्तेमाल करें।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें