चैट करते-करते लड़की से हुआ प्यार, बाद में वह निकला लड़का; और घर के सामने चल गई गोली
पुलिस ने बताया, फायरिंग करने के बाद दोनों युवक वहां से भाग गए। पुलिस ने दोनों युवकों और एक नाबालिग को इस मामले में गिरफ्तार किया है। देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

इस खबर को सुनें
दिल्ली के गौतमपुरी इलाके में एक 19 साल के लड़के के घर के बाहर दो युवक पहुंचे। पहुंचते ही उनमें से एक हवा में फायरिंग करने लगा। दोनों युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवकों की पहचान मोहम्मद साबिर (22) और मोहम्मद मुसैफ (20) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, जिस लड़के के घर के बाहर गोली चलाई गई वो लड़की बनकर सोशल मीडिया पर चैट करता था। जब युवकों को इस बारे में पता चला तो उन्होंने लड़के के घर के सामने फायरिंग कर दी। गिरफ्तार युवकों ने बताया कि लड़के को डराने के लिए उन्होंने फायरिंग की थी।
पुलिस ने बताया, गुरुवार की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे गौतमपुरी की गली नंबर-18 में फायरिंग की घटना की जानकारी मिली थी। पुलिस के वहां पहुंचने पर शानू नाम के लड़के ने बताया कि दो लोग मेरे घर के बाहर आए और मुझे धमकी देकर हवा में फायरिंग करने लगे।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर अपराधियों की पहचान कर ली है। पुलिस उपायुक्त (पूर्वोत्तर) संजय कुमार सेन ने कहा, फायरिंग करने वाले युवकों के घर में छापा मारा गया और दो युवकों के साथ एक नाबालिग को भी गिरफ्तार किया गया है।
जांच में मुसैफ ने खुलासा किया कि वो इंस्टाग्राम पर एक लड़की से चैट करता था। उसे उस लड़की से प्यार हो गया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वो उस लड़की पर फिदा हो गया था। कुछ दिनों बाद उसे पता चला कि वो जिससे बात कर रहा था वो लड़की नहीं लड़का है। इस बात से नाराज होकर मुसैफ ने लड़के को सबक सिखाने का फैसला लिया। उसने एक देसी पिस्तौल की व्यवस्था की और अपने दोस्त साबिर के साथ शानू के घर के बाहर पहुंच गया। उसने शानू को धमकी दी और हवा में गोली चला दिया। गोली चलाने के बाद वो दोनों वहां से भाग गए।
पुलिस ने बताया, फायरिंग करने के बाद दोनों युवक वहां से भाग गए। पुलिस ने दोनों युवकों और एक नाबालिग को इस मामले में गिरफ्तार किया है। देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
