ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRगाजियाबाद पुलिस लाइन से रह रही फर्जी महिला दरोगा गिरफ्तार, हरकतों से हुआ संदेह

गाजियाबाद पुलिस लाइन से रह रही फर्जी महिला दरोगा गिरफ्तार, हरकतों से हुआ संदेह

खुद को दरोगा बताकर पुलिस लाइन में रह रही एक महिला को कविनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह यहां तीन दिन पहले आई थी और बिना आमद कराए रह रही थी। उसने पुलिस लाइन में बताया था कि उसका स्थानांतरण विजय...

प्रतीकात्मक तस्वीर
1/ 2प्रतीकात्मक तस्वीर
पुलिस की गिरफ्त में फर्जी महिला दरोगा। हिन्दुस्तान
2/ 2पुलिस की गिरफ्त में फर्जी महिला दरोगा। हिन्दुस्तान
गाजियाबाद। वरिष्ठ संवाददाताSat, 21 Sep 2019 02:02 PM
ऐप पर पढ़ें

खुद को दरोगा बताकर पुलिस लाइन में रह रही एक महिला को कविनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह यहां तीन दिन पहले आई थी और बिना आमद कराए रह रही थी। उसने पुलिस लाइन में बताया था कि उसका स्थानांतरण विजय नगर थाने में हुआ है, लेकिन अभी तक उसके कागजात नहीं आए हैं। उसकी हरकतों से संदेह होने पर लाइन इंस्पेक्टर ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी और शुक्रवार दोपहर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

कवि नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार शाही ने बताया कि लाइन इंस्पेक्टर की सूचना पर उन्होंने आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। महिला की पहचान रामपुर की रहने वाली प्रभजोत कौर के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की हरकतों को देखकर लाइन की बैरक में रह रही एक महिला पुलिसकर्मी को संदेह हो गया था। उसने तुरंत इसकी सूचना लाइन इंस्पेक्टर को दी। इसके बाद लाइन इंस्पेक्टर ने पूछताछ की तो पता चला कि महिला का पुलिस से कोई लेनादेना नहीं है। इसके बाद लाइन इंस्पेक्टर ने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। सूचना पर कवि नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

बिना आमद कराए रह रही थी

लाइन इंस्पेक्टर के मुताबिक महिला ने पुलिस लाइन में आमद नहीं कराई। बिना आमद कराए ही वह कांस्टेबल/हेड कांस्टेबल के लिए बने बैरक में रह रही थी। उन्होंने बताया कि वह तीन दिन पहले पुलिस लाइन में आई थी। उसने बताया था कि वह रामपुर में तैनात थी और अब उसका स्थानांतरण गाजियाबाद के विजय नगर थाने में हुआ है।

पीएनओ नंबर नहीं होने से शक

पुलिस ने बताया कि अन्य पुलिस कर्मियों की तरह आरोपी महिला भी वर्दी लेकर आई थी। उस पर नेम प्लेट तो लगा था, लेकिन पीएनओ नंबर नहीं था। उसके साथ रह रही एक अन्य पुलिसकर्मी को नंबर नहीं होने से ही शक हो गया था। लेकिन शुक्रवार को उसने कुछ अजीब हरकत की, जिसकी किसी भी पुलिस कर्मी से उम्मीद नहीं की जा सकती। इसके बाद महिला पुलिसकर्मी ने लाइन इंस्पेक्टर को सूचित कर दिया।

सुरक्षा पर उठे सवाल

एक फर्जी महिला दरोगा के पुलिस लाइन के अंदर बैरक में तीन दिन तक ठहरने और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगने से पुलिस के सुरक्षा तंत्र पर सवाल खड़ा हो गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अफसर ने बताया कि इस प्रकार तो लाइन में कोई आतंकवादी भी घुस सकता है।

नहीं दे पाई सवालों के जवाब

महिला पुलिसकर्मी की सूचना पर लाइन इंस्पेक्टर ने आरोपी को बुलाकर पूछताछ की। उन्होंने इसके प्रशिक्षण संबंधी कुल आठ सवाल पूछे, लेकिन एक भी सवाल का सही जवाब नहीं दे पाई। लाइन इंस्पेक्टर ने रामपुर पुलिस लाइन से इसकी पुष्टि की और उच्चाधिकारियों को सूचित किया।

''सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी महिला का आईकार्ड और अन्य दस्तावेज मांगे, लेकिन वह नहीं दिखा सकी है। उसके खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में मुकदमा दर्ज किया है।'' -आतिश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी, द्वितीय

''मामला गंभीर है, सूचना मिलते ही आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। वह कैसे पुलिस लाइन के अंदर आई जांच की जा रही है।'' -सुधीर कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें