ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRदिल्ली दंगे : पुलिस कमिश्नर बोले- गिरफ्तारियों के मामले में धर्म के आधार पर कहीं भेदभाव नहीं किया

दिल्ली दंगे : पुलिस कमिश्नर बोले- गिरफ्तारियों के मामले में धर्म के आधार पर कहीं भेदभाव नहीं किया

दिल्ली पुलिस कमिश्नर एस.एन. श्रीवास्तव ने मंगलवार को कहा कि बीते साल फरवरी महीने में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों की जांच में धर्म के आधार पर कभी कोई भेदभाव नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि...

दिल्ली दंगे : पुलिस कमिश्नर बोले- गिरफ्तारियों के मामले में धर्म के आधार पर कहीं भेदभाव नहीं किया
नई दिल्ली। एएनआईTue, 16 Feb 2021 01:05 PM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली पुलिस कमिश्नर एस.एन. श्रीवास्तव ने मंगलवार को कहा कि बीते साल फरवरी महीने में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों की जांच में धर्म के आधार पर कभी कोई भेदभाव नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि दिल्ली हिंसा के सिलसिले में लगभग 1,800 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

दिल्ली पुलिस के 74वें स्थापना दिवस पर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि हमने तकनीक और सबूतों का इस्तेमाल करते हुए उत्तर-पूर्वी दिल्ली की हिंसा की निष्पक्ष जांच की। इन दंगों में एक पुलिसकर्मी की जान चली गई थी, जबकि कई कर्मी घायल हो गए थे। हमने धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं किया और 755 मामले दर्ज किए गए थे और लगभग 1,800 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

दिल्ली दंगे में 53 लोगों की हुई थी मौत

नागरिकता कानून के समर्थकों और विरोधियों के बीच संघर्ष के बाद बीते साल 24 फरवरी को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद, मौजपुर, बाबरपुर, घोंडा, चांदबाग, शिव विहार, भजनपुरा, यमुना विहार इलाकों में साम्प्रदायिक दंगे भड़क गए थे। इस हिंसा में कम से कम 53 लोगों की मौत हो गई थी और 200 से अधिक लोग घायल हो गए थे। साथ ही सरकारी और निजी संपत्ति को भी काफी नुकसान पहुंचा था। उग्र भीड़ ने मकानों, दुकानों, वाहनों, एक पेट्रोल पम्प को फूंक दिया था और स्थानीय लोगों तथा पुलिस कर्मियों पर पथराव किया।

इस दौरान राजस्थान के सीकर के रहने वाले दिल्ली पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल रतन लाल की 24 फरवरी को गोकलपुरी में हुई हिंसा के दौरान गोली लगने से मौत हो गई थी और डीसीपी और एसीपी सहित कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल गए थे। साथ ही आईबी अफसर अंकित शर्मा की हत्या करने के बाद उनकी लाश नाले में फेंक दी गई थी। 

इसके साथ कमिश्नर ने आगे कहा कि दिल्ली पुलिस ने सराहनीय तरीके से COVID-19 लॉकडाउन से निपटते हुए 'दिल की पुलिस' का खिताब अपने नाम किया। श्रीवास्तव ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने भी पुलिस बल के प्रयासों की सराहना की। हमने इस दौरान 34 पुलिस कर्मियों को खो दिया। 

दिल्ली पुलिस के 74वें स्थापना दिवस पर शाह ने दी बधाई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दिल्ली पुलिस के 74वें स्थापना दिवस के मौके पर सर्भी कर्मियों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी वे राजधानी की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। बतौर गृह मंत्री शाह दिल्ली पुलिस के प्रभारी हैं।

उन्होंने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली पुलिस के 74वें स्थापना दिवस पर सभी कर्मियों और उनके परिजनों को हार्दिक शुभकामनाएं। विपरीत परिस्थितियों में भी देश की राजधानी की सुरक्षा एवं शांति-व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः समर्पित दिल्ली पुलिस के बहादुर जवानों के साहस, संयम और संकल्प को सलाम करता हूं। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें