ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRदिल्ली में हाईकोर्ट की रोक के बावजूद अब भी काटे जा रहे पेड़

दिल्ली में हाईकोर्ट की रोक के बावजूद अब भी काटे जा रहे पेड़

दक्षिणी दिल्ली में पेड़ों की कटाई को लेकर जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ पर्यावरणवादी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को आरोप लगाया कि हाईकोर्ट की रोक के बावजूद पेड़ काटे जा रहे हैं। मामले में...

दिल्ली में हाईकोर्ट की रोक के बावजूद अब भी काटे जा रहे पेड़
नई दिल्ली | प्रमुख संवाददाताWed, 27 Jun 2018 01:22 PM
ऐप पर पढ़ें

दक्षिणी दिल्ली में पेड़ों की कटाई को लेकर जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ पर्यावरणवादी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को आरोप लगाया कि हाईकोर्ट की रोक के बावजूद पेड़ काटे जा रहे हैं। मामले में पुलिस और पर्यावरण मंत्री को भी शिकायत की गई है।  

आवासीय परियोजना के लिए दक्षिणी दिल्ली के सरोजनी नगर, नैरोजी नगर, नेताजी नगर, त्यागराज नगर, मोहम्मदपुर और कस्तूरबा नगर जैसी पॉश कॉलोनियों में 16500 पेड़ों को काटे जाने को लेकर विवाद चल रहा है। लोगों के विरोध और अदालत में दायर याचिका के बाद हाईकोर्ट ने इन्हें काटने पर फिलहाल रोक लगा दी है। इस मामले पर 4 जुलाई को सुनवाई होनी है।  

वहीं, पर्यावरणवादी कार्यकर्ता विमलेंदु झा ने बताया कि मंगलवार 11 बजे जब वे नेताजी नगर की तरफ से निकले तो उन्होंने देखा कि तीन पेड़ काटे जा रहे हैं। इनमें से दो पेड़ नीम के और एक पेड़ पीपल का है। अदालत की रोक के बावजूद पेड़ों के कटान पर उन्होंने तुरंत ही पीसीआर को फोन किया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पेड़ एक व्यक्ति को हिरासत में भी ले लिया।  

हालांकि, झा का आरोप है कि पुलिस ने बाद में उस व्यक्ति को छोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने इस घटना को लेकर पर्यावरण मंत्री को भी शिकायत दी, वहीं सरोजनी नगर थाना पुलिस को भी उन्होंने लिखित शिकायत दी है। 

पर्यावरण मंत्री ने केस दर्ज करने के निर्देश दिए

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री इमरान हुसैन ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश वन विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। अदालत के आदेश के बावजूद पेड़ों की कटाई को गंभीर मामला बताते हुए उन्होंने अधिकारियों से समुचित कदम उठाने को भी कहा है। वहीं, इमरान हुसैन ने केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी और पर्यावरण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को भी इस मामले में पत्र लिखा है। इस मामले में आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भी सरोजिनी नगर थाने में शिकायत दी है। 

इसमें आवासीय परियोजना का निर्माण करने वाली एंजेसी पर पेड़ों की कटाई के मामले में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए इसकी अनुमति संबंधी अलग-अलग दस्तावेजों की मांग की गई है।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें