ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRGTB अस्पताल में 15 से दिल्लीवालों को मिलेंगी विशेष सुविधाएं

GTB अस्पताल में 15 से दिल्लीवालों को मिलेंगी विशेष सुविधाएं

गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल में दिल्लीवालों को 15 सितंबर से विशेष सुविधाएं मिलेंगी। सभी तरह के इलाज, स्वास्थ्य जांच मुफ्त होंगी। उनके लिए पंजीकरण काउंटर की संख्या भी अधिक होगी। अस्पताल के 80...

GTB अस्पताल में 15 से दिल्लीवालों को मिलेंगी विशेष सुविधाएं
नई दिल्ली | प्रमुख संवाददाताFri, 31 Aug 2018 05:44 PM
ऐप पर पढ़ें

गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल में दिल्लीवालों को 15 सितंबर से विशेष सुविधाएं मिलेंगी। सभी तरह के इलाज, स्वास्थ्य जांच मुफ्त होंगी। उनके लिए पंजीकरण काउंटर की संख्या भी अधिक होगी। अस्पताल के 80 फीसदी बिस्तर भी उनके लिए आरक्षित होंगे।

मुख्यमंत्री केजरीवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को दिल्ली वालों को विशेष सुविधा देने के लिए आयोजित बैठक में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे। मंत्री जैन ने बताया कि फिलहाल प्रोजेक्ट जीटीबी अस्पताल में शुरू किया जा रहा है। अगर यह सफल रहा तो इसे दूसरे अस्पतालों में भी लागू किया जाएगा। 

'GTB अस्पताल में दिल्ली के मरीजों को मिलेगा 80 फीसदी आरक्षण'

जीटीबी अस्पताल में 17 पंजीकरण काउंटर हैं। 15 सितंबर को नई व्यवस्था के बाद से इसमें से 13 काउंटर सिर्फ दिल्लीवालों के लिए होंगे। बाकी चार काउंटर पर दिल्ली से बाहर के लोग पंजीकरण करा पाएंगे। इसी तरह सभी बड़ी स्वास्थ्य जांच सिर्फ दिल्लीवालों के लिए पूरी तरह मुफ्त होंगी। बाकी छोटी जांच जैसे खून की जांच, एक्स-रे बाहरी मरीजों के लिए भी निशुल्क उपलब्ध होगा। दिल्लीवालों को सभी तरह की दवाइयां भी मुफ्त में उपलब्ध कराई जाएंगी।

दिल्ली का मतदाता पहचान पत्र दिखाना होगा

दिल्ली के मरीजों को यह सभी विशेष सुविधाएं मुफ्त में पाने के लिए दिल्ली का मतदाता पहचान पत्र दिखाना होगा। अगर मरीज नाबालिग है और वह खुद को दिल्ली का बता रहा है तो उसे अपने माता पिता का मतदाता पहचान पत्र दिखाना होगा। बाहरी व दिल्ली के मरीजों की पहचान हो सके इसके लिए दोनों के ओपीडी कार्ड का रंग बिल्कुल अलग-अलग होगा। जिससे उनकी पहचान आसानी से की जा सके। 

बताते चलें कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को दिल्ली स्टेट कैंसर संस्थान में दौरा करने के दौरान दिल्लीवालों को इलाज में विशेष तरजीह देने की वकालत की थी। दिल्ली सरकार का मानना है कि जीटीबी के साथ ही स्थित स्टेट कैंसर संस्थान में दिल्ली के बाहर से आने वाले मरीजों की संख्या बेहद ज्यादा है।

इमरजेंसी में आने वालों का मुफ्त इलाज जारी रहेगा

सरकार ने साफ किया है कि सिर्फ इमरजेंसी की स्थिति में आने वाले मरीजों को सभी तरह की सेवाएं मुफ्त मिलेंगी। फिर वह मरीज चाहें दिल्ली का हो या फिर किसी बाहरी क्षेत्र का। उसे प्राथमिकता के आधार पर इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। उसे सभी सेवाएं मुफ्त में दी जाएंगी। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अधिकारियों से बैठक में इस योजना का अच्छे से प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया है। सरकार की मंश है कि लोगों को इस बारे में उपयुक्त जानकारी व्यवस्था शुरू होने से पहले ही मिल जाए। 

सरकार का उद्देश्य दिल्ली के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी के तहत गुरु तेग बहादुर अस्पताल में यह पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जा रहा है। अगर योजना सफल रही तो इसे दूसरे अस्पतालों में भी लागू किया जाएगा। - सत्येंद्र जैन, स्वास्थ्य मंत्री
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
अगला लेख पढ़ें