Delhi Air Pollution: दिल्लीवालों को आज शाम से जहरीली हवा से मिलेगी राहत, IMD के वैज्ञानिक ने दी खुशखबरी
IMD के वैज्ञानिक विजय सोनी ने बताया कि आज यानी रविवार की शाम से राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता में सुधार होने की संभावना है। बता दें कि दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगभग 400 के आसपास है।

इस खबर को सुनें
बढ़ते पलूशन से दिल्ली के लोग परेशान हैं। खराब होती वायु गुणवत्ता से शहर का पारा गिरता जा रहा है। बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। ऐसे में भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ओर से एक राहत देने वाली खबर सामने आई है। IMD के वैज्ञानिक विजय सोनी ने बताया कि आज यानी रविवार की शाम से राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता में सुधार होने की संभावना है। बता दें कि दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगभग 400 के आसपास है। यह AQI गंभीर श्रेणी में आता है। IMD के वैज्ञानिक ने कहा कि आज शाम से दिल्लीवालों को राहत मिलने की संभावना है।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए IMD के वैज्ञानिक विजय सोनी ने बताया कि आज सुबह दिल्ली में AQI 400 के आसपास थी। उन्होंने बताया कि शनिवार को हवाओं की रफ्तार के शांत रहने की वजह से हवा की गुणवत्ता में काफी गिरावट आई है। सोनी ने बताया कि दिल्ली में अभी हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में है।
हवा की गुणवत्ता के गंभीर श्रेणी में होने के दो मुख्य कारण बताते हुए विजय सोनी ने कहा कि मुख्य कारण हवा की कम रफ्तार और मिक्सिंग लेयर की ऊंचाई में कमी आना है। मिक्सिंग लेयर की ऊंचाई सतह के काफी करीब आ गई है। इसलिए ये दो कारक वायु गुणवत्ता में गिरावट में योगदान दे रहे हैं। मिक्सिंग लेयर उस सतह को कहते हैं जहां हवा में पलूशन फैलाने वाले कण जा मिलते हैं। यानी मिक्सिंग लेयर की ऊंचाई अगर कम होगी तो पलूशन फैलाने वाले कण आसानी से हवा में मिल जाएंगे।
IMD के वैज्ञानिक विजय सोनी ने बताया कि दिल्ली में हवा की रफ्तार शांत है। लेकिन आज यानी रविवार की सुबह से हवा की रफ्तार में बढ़त देखी गई है। फिलहाल दिल्ली में हवा की रफ्तार 8 किलोमीटर प्रति घंटा के आसपास है। विजय सोनी ने बताया कि आम तौर पर दिसंबर के महीने में हवा की गुणवत्ता खराब हो जाती है। सोनी के अनुसार, आज शाम से दिल्ली की हवा काफी हद तक साफ हो जाएगी। हवा की रफ्तार जैसे-जैसे बढ़ेगी लोगों को पलूशन से राहत मिलेगी।