ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRDelhi Rain: दिल्ली में कुल्लू-कश्मीर का अहसास, कब थमेगा बारिश का सिलसिला; पढ़ें लेटेस्ट IMD अपडेट

Delhi Rain: दिल्ली में कुल्लू-कश्मीर का अहसास, कब थमेगा बारिश का सिलसिला; पढ़ें लेटेस्ट IMD अपडेट

दिल्ली में लगातार हो रही बारिश से मौसम काफी सुहाना हो गया है और ठंड का अहसास भी होने लगा है। एक दिन पहले दिन-रात के तापमान में अंतर सिर्फ 2.6 डिग्री सेल्सियस रह गया, जो रिकॉर्ड है।

Delhi Rain: दिल्ली में कुल्लू-कश्मीर का अहसास, कब थमेगा बारिश का सिलसिला; पढ़ें लेटेस्ट IMD अपडेट
Sneha Baluniप्रमुख संवाददाता,नई दिल्लीMon, 10 Oct 2022 07:28 AM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

राजधानी दिल्ली में इस बार मौसम अनोखे रंग दिखा रहा है। अधिकतम तापमान घटने से दिल्ली की दोपहर पहाड़ों की तरह खुशनुमा हो गई है। यहां तक कि हिमाचल के कुल्लू और जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में रविवार को दिन का पारा दिल्ली से अधिक रहा। एक दिन पहले दिल्ली में दिन-रात के तापमान में अंतर सिर्फ 2.6 डिग्री सेल्सियस रह गया, जो बीते 53 वर्षों में नया रिकॉर्ड है। रविवार को यह अंतर 4.8 डिग्री रहा।

दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में रविवार को सुबह की शुरुआत भीगी-भीगी रही। घने बादल छाए रहे और दिनभर बूंदाबांदी होती रही। इससे दिन के तापमान में गिरावट बरकरार रही। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री कम 24.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 19.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिन-रात एक जैसा हाल 

मौसम विभाग के मुताबिक सात अक्तूबर की रात न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री जबकि, आठ अक्तूबर को दिन का अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री रहा। यानी सिर्फ 2.6 डिग्री का अंतर रहा। वर्ष 1998 में 19 अक्तूबर को यह अंतर 3.1 डिग्री था।

भारी बारिश दर्ज की गई 

दिल्ली के सफदरजंग, लोधी रोड, आयानगर और मयूर विहार में शनिवार सुबह से लेकर रविवार सुबह तक भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है। जबकि, पालम और रिज में मध्य बारिश दर्ज की गई है। बीते पंद्रह सालों में दूसरी बार अक्तूबर के किसी एक दिन इतनी बारिश हुई है। एक दिन की बारिश के हिसाब से देखें तो पिछले साल 18 अक्तूबर को 87.9 मिलीमीटर पानी बरसा था। जबकि, इस बार रविवार सुबह तक चौबीस घंटे में 74.3 मिलीमीटर पानी बरसा है। वर्ष 2007 के बाद अक्तूबर में चौबीस घंटे के भीतर दूसरी बार इतना पानी बरसा है।

अभी साल में दूसरी बार सबसे साफ हवा

दिल्ली को साल में दूसरी बार साफ-सुथरी हवा मिली। रविवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 48 के अंक पर रहा। इस स्तर को अच्छा यानी गुड श्रेणी में रखा जाता है। इससे पहले 16 सितंबर के दिन वायु गुणवत्ता सूचकांक 47 के अंक पर था।

आगे दो दिन हल्की बूंदाबांदी के आसार

मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में अब बहुत भारी बारिश होने की संभावना कम है। हालांकि अभी दो दिन और बारिश, बूंदाबांदी और बादल का मौसम रहेगा। माना जा रहा है कि 12 तारीख से राजधानी में मौसम साफ हो जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें