ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRDelhi Weather: सर्द हवा से फिर ठिठुरी दिल्ली, तीन दिन कड़ाके की ठंड की आशंका; बारिश पर IMD अलर्ट

Delhi Weather: सर्द हवा से फिर ठिठुरी दिल्ली, तीन दिन कड़ाके की ठंड की आशंका; बारिश पर IMD अलर्ट

Delhi Weather Today: मौसम विभाग का अनुमान है कि तीन दिन ठंड रह सकती है। शुक्रवार को अधिकतम 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।

Delhi Weather: सर्द हवा से फिर ठिठुरी दिल्ली, तीन दिन कड़ाके की ठंड की आशंका; बारिश पर IMD अलर्ट
Swati Kumariवरिष्ठ संवाददाता,नई दिल्लीThu, 26 Jan 2023 08:00 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

Delhi Weather Forecast: दिनभर बादल छाए रहने और सर्द हवा के चलते दिल्ली-एनसीआर के लोग एक बार फिर कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे हैं। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि तीन दिन ठंड रह सकती है। शुक्रवार को अधिकतम 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। दिल्ली में इस समय मौसम का अजब रुख देखने को मिल रहा है। तापमान में अचानक उतार-चढ़ाव हो रहा है।

23 जनवरी को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री रहा, जो बीते तीन साल में जनवरी में सबसे ज्यादा था। तीन दिन में ही इसमें तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में गुरुवार सुबह हल्का कोहरा देखने को मिला। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंट गया। दिनभर बादल छाए रहने के चलते धूप नहीं निकली। इससे दिन के अधिकतम तापमान में तेज गिरावट हुई है।

सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो कि सामान्य से पांच डिग्री कम है। वहीं, बादलों के चलते रातें अपेक्षाकृत कम ठंडी हो रही हैं। सफदरजंग में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। उत्तर पश्चिमी दिशा से आ रही ठंडी हवा के चलते ठंड की यह वापसी हुई है। 

सबसे ठंडा रहा मुंगेशपुर
मुंगेशपुर का अधिकतम तापमान सबसे कम रहा। यहां पर अधिकतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से आठ डिग्री कम है। वहीं, पालम का अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री व जफरपुर का अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 

इस तरह से बढ़ा पारा

तारीख    तापमान
23    25.9
24    21.6
25    19.3
26    17.3
नोट : तापमान डिग्री सेल्सियस में है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें