Delhi Weather: सर्दी को टाटा, दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम, जानें 10 फरवरी तक का अपडेट
Delhi Weather Forecast: दिल्ली एनसीआर में अब सर्दी को टाटा कहने का वक्त आने वाला है। मौसम विभाग का कहना कि दिल्ली एनसीआर में मौसम करवट लेने वाला है। जानें 10 फरवरी तक कैसा रहेगा मौसम...

इस खबर को सुनें
दिल्ली एनसीआर में अब मौसम करवट लेने लगा है। राष्ट्रीय राजधानी में धूप खिलने के बीच पहाड़ों की ओर से तेज हवाएं चल रही हैं। इससे ठंड का एहसास बरकरार है। लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने से ठंड कम होती जाएगी। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री अधिक है। जानें 10 फरवरी तक कैसा रहेगा दिल्ली एनसीआर का मौसम...
राजधानी में चटख धूप के बीच न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों में ही बढ़ोतरी देखी जा रही है। हालांकि तेज हवाओं के चलने से ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली एनसीआर में आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान के और बढ़ने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में शहर में तेज सतही हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक दिल्ली में आसमान साफ रहेगा और हवा भी सामान्य रफ्तार से चलेगी। आगामी 7 और 8 फरवरी को दिल्ली में तेज हवाएं चलेंगी। इनकी गति 25 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा के बीच रह सकती है। मौसम विभाग का मानना है कि आगामी 9 फरवरी तक दिल्ली में आसमान साफ रहेगा लेकिन 10 फरवरी को दिल्ली एनसीआर में मौसम में बदलाव दिखेगा। दिल्ली एनसीआर के इलाकों में 10 फरवरी से हल्के बादल छाए रह सकते हैं।
मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश इलाकों में फरवरी में 'सामान्य बारिश' होने की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर और इससे सटे पूर्वी हिस्से को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आस पास बना रह सकता है। IMD के महानिदेशक एम. माहपात्रा ने कहा कि उत्तर पश्चिम भारत में इस साल फरवरी की बारिश का औसत सामान्य रहने की संभावना है। पूर्व-मध्य भारत और उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य भारत के साथ ही पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है।