Delhi Rain: मॉनसून की बेरुखी से सितंबर में सता रही जून जैसी गर्मी, IMD ने बताया कब मिलेगी राहत?
दिल्ली में अगस्त के महीने में सबसे ज्यादा बारिश होती है, लेकिन इस बार पहले तो अगस्त के महीने में सामान्य से कम बारिश हुई। फिर सितंबर के महीने में भी मानसून का यह रुख बना रहा।

मॉनसून की बेरुखी से सितंबर के महीने में भी दिल्ली के लोगों को जून जैसी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। सितंबर के महीने में अभी तक सामान्य से 41 फीसदी कम बारिश हुई है। इससे पहले अगस्त का महीना भी लगभग सूखा रहा था और सामान्य से 61 फीसदी कम बारिश हुई थी। दिल्ली में आमतौर पर सितंबर के महीने से मौसम सुहाना रहता है और लोगों को तेज धूप, उमस और गर्मी से राहत मिलने लगती है। मगर इस बार सितंबर महीने का पहला पखवाड़ा बीतने को है और अभी भी लोग मई और जून जैसी गर्मी झेल रहे हैं। सुबह से ही निकलने वाली तेज धूप और उमस के चलते लोग पसीने से तरबतर हो रहे हैं।
आमतौर पर दिल्ली में अगस्त के महीने में सबसे ज्यादा बारिश होती है, लेकिन इस बार पहले तो अगस्त के महीने में सामान्य से कम बारिश हुई। फिर सितंबर के महीने में भी मानसून का यह रुख बना रहा। दिल्ली में 14 सितंबर तक 84.3 मिलीमीटर पानी बरसना चाहिए, लेकिन अभी तक सिर्फ 49.6 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो कि सामान्य से 41 फीसदी कम है। इस बारिश का भी नब्बे फीसदी हिस्सा सिर्फ एक दिन यानी 10 सितंबर को ही बरसा है। इसके चलते मौसम में गर्मी और उमस बनी हुई है।
123 वर्ष में सितंबर का दूसरा सबसे गर्म दिन
दिल्ली में इस बार के सितंबर महीने में ऐतिहासिक तौर पर दूसरा सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, चार सितंबर को दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले 1938 में 16 सितंबर के दिन अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, यानी बीते 123 वर्षों में यह दूसरा मौका है, जब सितंबर महीने में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर गया हो।
मानसून रेखा दूर होने से गर्मी और उमस
प्रादेशिक मौसम पूर्वानुमान केन्द्र के निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव बताते हैं कि मानसून रेखा दूर होने के चलते अभी बारिश की गतिविधियां कम हो रही हैं, जबकि वातावरण में नमी खासी मात्रा में मौजूद है और अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा है। इसके चलते लोगों को उमस, गर्मी और बेचैनी का अहसास हो रहा है। इससे पहले अगस्त महीने में भी मानसून ब्रेक (टूट जाने) की स्थिति बनी थी, जिसके चलते बारिश सामान्य से काफी कम रही। दिल्ली में नौ से 11 सितंबर के बीच बारिश हुई, लेकिन अब फिर मानसून रेखा खिसक गई है।
आज गर्मी से राहत मिलने के आसार
दिल्ली के लोगों को अब उमस और गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। कुलदीप श्रीवास्तव बताते हैं कि मौसम के तीन सिस्टमों के सक्रिय होने से दिल्ली को अब गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। शुक्रवार से मानसून रेखा दिल्ली के करीब आने के आसार हैं। इसके साथ ही एक चक्रवाती परिसंचरण जो कि ओडीशा के ऊपर बना हुआ है, उसके मध्य प्रदेश की तरफ आने के आसार हैं, जबकि शुक्रवार से एक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव भी दिखेगा। इनके चलते शुक्रवार और शनिवार को दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में हल्की और कहीं-कहीं मध्यम बारिश हो सकती है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।
बीते सात दिनों का अधिकतम तापमान
07 सितंबर---37.7 डिग्री सेल्सियस
08 सितंबर---36.4 डिग्री सेल्सियस
09 सितंबर---32.0 डिग्री सेल्सियस
10 सितंबर---28.3 डिग्री सेल्सियस
11 सितंबर---33.5 डिग्री सेल्सियस
12 सितंबर---34.5 डिग्री सेल्सियस
13 सितंबर---36.1 डिग्री सेल्सियस
