दिल्ली से नोएडा आने-जाने वालों को राहत, DND पर ट्रैफिक जाम खत्म करने को अब किया गया यह बदलाव
नोएडा-दिल्ली के बीच डीएनडी के जरिए रोजाना करीब 2 लाख वाहन आते-जाते हैं। शाम को व्यस्त समय में टोल प्लाज के पास से ही वाहनों की कतार लग जाती है। यहां पर आधा-एक किलोमीटर तक वाहनों की लाइनें लग जाती हैं।

दिल्ली-नोएडा को जोड़ने वाले डीएनडी पर शाम के समय लगने वाले जाम में कमी लाने के लिए शनिवार को व्यवस्था में कुछ बदलाव किया गया। दिल्ली से आते समय सीधे रजनीगंधा अंडरपास की तरफ जाने के लिए बनी लेन की लंबाई को अब कम कर दिया गया है। इससे जाम में कुछ कमी नजर आई। हालांकि, इस व्यवस्था की असली परीक्षा मंगलवार यानी 3 अक्टूबर को होगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह बदलाव ट्रायल के तौर पर किया गया है। मौके पर स्थिति को देखते हुए योजना में बदलाव किया जाएगा। नोएडा-दिल्ली के बीच डीएनडी के जरिये रोजाना करीब दो लाख वाहन आते-जाते हैं। शाम को व्यस्त समय में टोल प्लाज के पास से ही वाहनों की कतार लग जाती है। यहां पर आधा-एक किलोमीटर तक वाहनों की लाइन लग जाती है। इसकी वजह यह है कि वाहनों की अधिक संख्या के मुकाबले नोएडा एरिया में सड़क की चौड़ाई कम है। दिल्ली से छह-सात लेन में ट्रैफिक आता है, जबकि नोएडा में वह सिर्फ तीन लेन में सिमट जाता है। यहां बढ़ती जाम की समस्या में कमी लाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने व्यवस्था में कुछ बदलाव करने का निर्णय लिया था। शनिवार को इसका ट्रायल किया गया।
टोल प्लाजा से नोएडा एरिया में आने के बाद सीधे रजनीगंधा अंडरपास की ओर जाने के लिए सीधे एक लेन बनी हुई है। ट्रायल के तौर पर इस लेन की लंबाई घटाई गई है। करीब 20-30 मीटर हिस्से में लगे पत्थरों को हटाया गया। अधिकारियों का कहना है कि इससे टोल प्लाजा की तरफ वाहनों की लंबी लाइन नहीं लगेगी। वाहन संबंधित लूप के आसपास आकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे। हालांकि, यह ट्रायल के तौर पर किया गया है। अगर जाम लगता है तो कुछ और बदलाव किए जाएंगे। सोमवार को गांधी जयंती के मौके पर सरकारी छुट्टी है। ऐसे में मंगलवार यानि 3 अक्टूबर से ट्रैफिक बढ़ेगा, तब असली स्थिति का आंकलन होगा।
आज एक लेन कम की जाएगी : पुलिस अधिकारियों का कहना है कि टोल प्लाजा से अभी नोएडा की तरफ तीन लेन में चार पहिया वाहन आ रहे हैं। इसको घटाकर 2 लेन में कराया जाएगा। यह बदलाव रविवार को किया जाएगा।
डीएनडी से नोएडा के तीन तरफ जाता है ट्रैफिक
डीएनडी से आकर नोएडा के तीन हिस्से में ट्रैफिक जाता है। सबसे ज्यादा वाहन लूप के जरिये नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की तरफ जाते हैं। दूसरे नंबर पर सीधे रजनीगंधा अंडरपास की वाहन निकलते हैं। तीसरे नंबर पर सेक्टर-14 की ओर वाहन जाते हैं। ऐसे में टोल प्लाजा से निकलते ही नोएडा की तरफ तीन तरफ का ट्रैफिक टकराता है।
टोल फ्री होने के बाद वाहनों का दबाव बढ़ा
डीएनडी करीब सात साल से टोल फ्री चल रहा है। उस समय यहां से रोजाना सवा से डेढ़ लाख वाहन निकलते थे। टोल फ्री के बाद अब वाहनों की संख्या 2 लाख तक पहुँच गई है। ऐसे में करीब 50 हजार वाहन का दवाब बढ़ गया है।
- अनिल कुमार यादव, डीसीपी ट्रैफिक, ''ट्रायल के तौर पर रजनीगंधा अंडरपास की तरफ जाने वाली लेन की लंबाई को कम किया गया है। इससे जाम में कमी नजर आई है। अब मंगलवार को ट्रैफिक बढ़ने पर सही स्थिति का पता चल सकेगा।''
लोग क्या बोले
- संजीव दीक्षित, सेक्टर-19, ''टोल प्लाजा पार करने के बाद शनिवार को वाहनों की लाइन ज्यादा लंबी नहीं थी। पुलिसकर्मी भी लगातार ट्रैफिक को निकलवा रहे थे।''
- राजीव, सेक्टर-56, ''बाकी दिनों के मुकाबले जाम कम नजर आया। हालांकि, सड़कों पर ट्रैफिक कम था। अगर इसी तरह ट्रैफिक चलता रहे तो काफी अच्छा है।''
