दिल्ली में इन रास्तों पर आज भूलकर भी न जाएं, विदेशी मेहमानों का है ये प्लान; देखें ट्रैफिक एडवाइजरी
G-20 समिट को लेकर पुलिस ने नई दिल्ली में आम वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी लगा रखी है, मगर यहां रहने वालों को आवाजाही की छूट है। इसके चलते रात में यहां प्रवेश के लिए कई जगह वाहनों की लंबी कतारें दिखीं।

जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए आए विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों समेत विदेशी मेहमान रविवार सुबह राजघाट जाएंगे। यहां लगभग एक घंटा रहने के बाद वे प्रगति मैदान जाएंगे, जिस कारण रविवार सुबह से दोपहर तक नई दिल्ली के साथ मध्य दिल्ली के इलाकों में भी यातायात बाधित रहेगा। कुछ सड़कों को सुरक्षा के चलते बंद किया जाएगा। इस दौरान नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी हो सकती है।
सुबह 8:15 बजे से विभिन्न होटलों से विदेशी मेहमान राजघाट स्थित महात्मा गांधी की समाधि पर जाएंगे। यहां से 9:30 बजे ये काफिले प्रगति मैदान स्थित मंडपम के लिए रवाना होंगे। करीब 11 बजे विभिन्न राष्ट्राध्यक्षों के परिवार के सदस्यों का काफिला होटलों से राजघाट के लिए निकलेगा। वे सुबह लगभग 11:30 बजे राजघाट पहुंचेंगे और वहां से दोपहर 12:30 बजे वापस होटल जाएंगे। इस दौरान राजघाट की तरफ आने वाले रास्तों को बंद रखा जाएगा।
ये भी पढ़ें : अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा में बड़ी चूक! बाइडेन के काफिले की कार में चालक ने बैठा दी सवारी
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम के कारण नई दिल्ली के साथ मध्य दिल्ली का कुछ हिस्सा भी प्रभावित रहेगा। राजघाट की तरफ आम वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इस वजह से जवाहर लाल नेहरू मार्ग, बहादुरशाह जफर मार्ग, दिल्ली गेट, दरियागंज, गीता कॉलोनी आदि रास्तों पर यातायात सुबह 5 बजे से दोपहर एक बजे तक बंद रहेगा। दोपहर बाद इन सड़कों पर आवाजाही की अनुमति दी जाएगी। वहीं, ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगाई गई तीन दिवसीय पाबंदियां रविवार रात 12 बजे समाप्त होंगी।
मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह यात्रियों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अजमेरी गेट की तरफ और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी रोड की ओर जाने में दिक्कत हो सकती है। लोग नई दिल्ली स्टेशन जाने के लिए पहाड़गंज की तरफ और पुरानी दिल्ली स्टेशन जाने के लिए कश्मीरी गेट की तरफ जाएं। परेशानी से बचने को मेट्रो का प्रयोग करें।
नई दिल्ली में प्रवेश के लिए लंबी कतार
जी-20 सम्मेलन को लेकर पुलिस ने नई दिल्ली में आम वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी लगा रखी है, मगर नई दिल्ली में रहने वालों को आवाजाही की छूट है। इसके चलते रात में नई दिल्ली में प्रवेश के लिए कई जगह वाहनों की लंबी कतारें दिखीं। पुलिस दस्तावेज देखने के बाद ही प्रवेश दे रही थी। इसके चलते लोगों को अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ा।
रास्तों को लेकर सबसे ज्यादा कॉल
● विभिन्न ऐप पर भी रास्ता देखने के लिए दिल्ली के लोगों ने सबसे ज्यादा सर्च किया
● हेल्पलाइन पर सबसे ज्यादा कॉल रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट आने-जाने के बारे में पूछताछ के लिए की जा रही हैं
● इसके बाद हेल्पलाइन पर कॉल करने वालों ने बाजार और शॉपिंग मॉल को लेकर पूछताछ की
● लोगों ने रेस्टोरेंट, बार और शराब की दुकानों के बारे में पूछा। यह जानने का प्रयास किया कि सुरक्षा कारणों से कहीं ड्राई डे तो नहीं है
● कुछ कॉल चिकित्सा संबंधी थीं, लोगों ने पूछा कि अस्पताल जाने को कौन से रास्ते इस्तेमाल करें
● कुछ कॉल सुरक्षा को लेकर भी आईं। हालांकि, इसमें से कुछ कॉल फेक निकलीं
परेशानी से बचने के लिए इन सड़कों का इस्तेमाल करें
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए
● दक्षिण और पश्चिम दिल्ली से धौलाकुआं, रिंग रोड, नारायणा फ्लाईओवर, मायापुरी चौक, कीर्ति नगर मेन रोड, शादीपुर फ्लाईओवर, पूसा गोल चक्कर, पंचकुइयां रोड, आउटर सर्कल कनॉट प्लेस, चेम्सफोर्ड रोड होते हुए पहाड़गंज या मिंटो रोड से अजमेरी गेट की तरफ जा सकेंगे
● उत्तरी और पूर्वी दिल्ली से : युधिष्ठिर सेतु, बुलवर्ड रोड, रानी झांसी फ्लाईओवर, झंडेवालान गोल चक्कर, डीबीजी रोड, शीला सिनेमा रोड होते हुए पहाड़गंज ब्रिज से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक जा सकेंगे
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने के लिए
● दक्षिण और पूर्वी दिल्ली से रिंग रोड, आश्रम चौक, सराय काले खां, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, नोएडा लिंक रोड, पुस्ता रोड, युधिष्ठिर सेतु, आईएसबीटी कश्मीरी गेट, लोथियन रोड, छत्ता रेल, एसपी मुखर्जी मार्ग, कौड़िया पुल से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन तक पहुंच सकेंगे
● पश्चिम और उत्तरी दिल्ली से : पंजाबी बाग, रोहतक रोड, रानी झांसी फ्लाईओवर, लोथियन रोड, छत्ता रेल, कौड़िया पुल से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन तक पहुंचें
ये मार्ग वाहनों के लिए बंद रहेंगे
● नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (अजमेरी गेट की ओर से)
● पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन (श्यामा प्रसाद मुखर्जी रोड की ओर से)
● शांति वन चौक (गीता कॉलोनी की ओर से)
● आईटीओ ( विकास मार्ग की ओर से)
● राजघाट चौक (जवाहर लाल नेहरू मार्ग की ओर से)
● गुरु नानक चौक ( मिंटो रोड की ओर से)
लेखक के बारे में
Praveen Sharmaप्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। करीब डेढ़ दशक से हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया का अनुभव भी हासिल कर चुके हैं। एक दशक से भी अधिक लंबा समय वह डिजिटल मीडिया में बिता चुके हैं।
प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी। इसके बाद वह थोड़े समय नेशनल दुनिया अखबार में भी रहे। वहां से निकलकर उन्होंने मार्च 2014 में न्यूज 18 के साथ डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में कदम रखा। वर्ष 2018 में वह लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े।
वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। इन्हें डिजिटल रीडर्स की पसंद और बदलते ट्रेंड्स को समझकर गहराई और सटीकता के साथ खबरें लिखने का अच्छा खासा अनुभव है। वह सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रखते हैं। उन्हें राजनीतिक विषयों पर खबरें लिखने और पढ़ने का शौक है।
प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है।
और पढ़ें

