दिल्ली में कोल्ड अटैक जारी, न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस, इस साल जनवरी में 7 बार आए पश्चिमी विक्षोभ
दिल्ली में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम था। मौसम विभाग के अनुसार, दिन में धूप खिली रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 19...
इस खबर को सुनें
दिल्ली में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम था। मौसम विभाग के अनुसार, दिन में धूप खिली रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। अगले कुछ दिन तक अधिकतम तापमान बढ़कर 20 से 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान बढ़कर 10 से 11 डिग्री सेल्सियस होने की उम्मीद है।
राजधानी दिल्ली में जनवरी के दूसरे सप्ताह से, अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान सामान्य के नजदीक या उससे अधिक रहा है।
दिल्ली में इस साल जनवरी में सात पश्चिमी विक्षोभ आए हैं, जबकि महीने में यह सामान्य से तीन से चार बार होता है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई बारिश ने हवा में नमी बढ़ा दी जिससे अधिकांश दिनों में कम तापमान के बीच कोहरा छाया रहा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में 7 जनवरी से 25 जनवरी के बीच "बहुत कम" धूप दर्ज की गई। आईएमडी के आंकड़ों से पता चलता है कि दिल्ली में जनवरी में अब तक सात ठंडे दिन दर्ज किए गए हैं, जो कम से कम एक दशक में महीने में सबसे अधिक है।
आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर.के. जेनामणि ने कहा कि दिल्ली में इस महीने 13 दिनों में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है, जो 2003 के बाद से सबसे अधिक है, जिसमें ऐसे 18 दिन देखे गए थे।
दिल्ली में जनवरी में मंगलवार को नौ साल में सबसे ठंडा दिन देखा गया, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री नीचे गिरकर 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इससे पहले 3 जनवरी 2013 को अधिकतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। राजधानी में इस जनवरी में भी 82.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो 122 वर्षों में महीने में सबसे अधिक है।