ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRबस थोड़ा सा और इंतजार, दिल्ली में बारिश फिर मौसम कर सकती है सुहाना; क्या है अनुमान

बस थोड़ा सा और इंतजार, दिल्ली में बारिश फिर मौसम कर सकती है सुहाना; क्या है अनुमान

Delhi Weather latest Report: पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने वाला है। क्या दिल्ली एनसीआर में होगी बारिश। दिल्ली एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम... इस रिपोर्ट में जानें।

बस थोड़ा सा और इंतजार, दिल्ली में बारिश फिर मौसम कर सकती है सुहाना; क्या है अनुमान
Krishna Singhलाइव हिंदुस्तान,नई दिल्लीTue, 21 Nov 2023 04:49 PM
ऐप पर पढ़ें

Delhi Weather Update: दिल्ली में दो दिनों के सुधार के बाद हवा एकबार फिर जहरीली हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को एक्यूआई 400 के पार पहुंच गया। ऐसे में नजरें मौसम के पूर्वानुमान पर केंद्रित हो गई हैं। लोग एकबार फिर मौसम में बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने एक खुशखबरी दी है। आईएमडी वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन का कहना है कि जल्द पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे सकता है। इस पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों पर क्या होगा असर... क्या दिल्ली एनसीआर में बारिश होगी... जानें मौसम विज्ञानी डॉ. सोमा सेन की जुबानी।

आईएमडी वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि मौजूदा वक्त में हमारे पास एक बहुत कमजोर पश्चिमी विक्षोभ है जो धीरे-धीरे पूर्व की ओर बढ़ रहा है... 23 नवंबर के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। हम 24-25 नवंबर के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत के इलाकों में मौसम के बदलने की उम्मीद कर सकते हैं। ताजा पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी। 

मौसम विज्ञानी डॉ. सोमा सेन ने बताया कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ से मौसम हल्का रहेगा और तापमान में भी कोई बड़ा उलटफेर की उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा- हम अधिकतम और न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं कर रहे हैं। अभी शीत लहर के संकेत नहीं हैं। न्यूनतम तापमान में भी कोई बड़ी गिरावट नहीं आएगी। 23 नवंबर के बाद उत्तर भारत में बादल छाए रहेंगे। तापमान में एक डिग्री की वृद्धि या गिरावट देखी जा सकती है। 24 नवंबर के आसपास पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी संभव है। 

डॉ. सोमा सेन ने बताया कि उत्तर पश्चिमी भारत के छिटपुट रूप से कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। पहाड़ों पर ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। खासकर दिल्ली एनसीआर में 24 से 27 नवंबर के दौरान बादलों की आवाजाही देखी जाएगी। आसमान में बादल नजर आ सकते हैं। तापमान में कोई बड़ी गिरावट नहीं आएगी। सुबह के वक्त हल्की धुंध नजर आ सकती है। प्रदूषण की समस्या पर बात करें तो यह काफी कुछ हवाओं की चाल पर निर्भर होगा। यदि हवा की रफ्तार तेज रही तो दिल्ली एनसीआर के लोग प्रदूषण से थोड़ी राहत की उम्मीद कर सकते हैं। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें