दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 : 450 बीजेपी समर्थकों का नाम वोटर लिस्ट से मिटा दिया, मनोज तिवारी ने लगाया धांधली का आरोप
मीडिया से बातचीत में भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि सुभाष मोहल्ला वार्ड में 450 मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट से मिटा दिया गया है क्योंकि यह सभी भाजपा के समर्थक थे। यह दिल्ली सरकार की बड़ी साजिश है।

इस खबर को सुनें
दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 : एमसीडी चुनाव के लिए जारी मतदान के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)सांसद मनोज तिवारी ने बड़ा आरोप लगाया है। मनोज तिवारी ने आरोप लगाया है कि 400 से ज्यादा बीजेपी समर्थकों का नाम वोटर लिस्ट से मिटा दिया गया है। मीडिया से बातचीत में भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि सुभाष मोहल्ला वार्ड में 450 मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट से मिटा दिया गया है क्योंकि यह सभी भाजपा के समर्थक थे। यह दिल्ली सरकार द्वारा रची गई बड़ी साजिश है। मनोज तिवारी ने कहा है कि हम इसके खिलाफ शिकायत करेंगे और फिर से चुनाव कराने की मांग करेंगे।
इससे पहले दिल्ली में निगम चुनाव के लिए रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। इस चुनाव में मुख्य तौर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 250 वार्ड के लिए हो रहे चुनाव में 1.45 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करने के पात्र हैं। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ जो शाम साढ़े पांच तक चलेगा।
क्या बोले केजरीवाल?
'आप' के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को लोगों से अपील की कि वे एमसीडी में एक ईमानदार और बेहतर शासन के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। उन्होंने ट्वीट किया, ''साफ-स्वच्छ और सुंदर दिल्ली बनाने के लिए आज मतदान है, नगर निगम में एक भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बनाने के लिए मतदान है। सभी दिल्लीवासियों से मेरी अपील- दिल्ली नगर निगम में एक ईमानदार और काम करने वाली सरकार बनाने के लिए आज अपना वोट डालने जरूर जाएं।''
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने लोगों से कहा कि वे काम के लिए वोट डालें, न कि दिल्ली को कचरे का स्थान बनाने वालों के लिए। सिसोदिया ने अपने आवास पर संवाददाताओं से कहा, 'मैं दिल्ली के 2.5 करोड़ लोगों से अपील करता हूं कि आज अपने घरों से बाहर निकलें और मतदान करें ताकि हम आपके लिए काम कर सकें। लोगों ने नगर निगम में आम आदमी पार्टी को चुनने का मन बना लिया है।'
कांग्रेस अध्यक्ष का नाम वोटर लिस्ट से गायब
भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने अपनी पत्नी के साथ वेस्ट पटेल नगर में वोट डाला। हालांकि, दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल कुमार ने पाया कि उनका नाम मतदाता सूची से गायब है। कुमार ने दल्लूपुरा के एक मतदान केंद्र पर कहा, 'मेरा नाम न तो मतदाता सूची में है और न ही हटाए गए मतदाताओं की सूची में। अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं। मेरी पत्नी ने मतदान किया है।'
राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में मतदाताओं की कुल संख्या 1,45,05,358 है जिनमें 78,93,418 पुरुष, 66,10,879 महिलाएं और 1,061 ट्रांसजेंडर व्यक्ति हैं। मतों की गिनती सात दिसंबर को होगी। नए परिसीमन के बाद यह पहला निकाय चुनाव है और यह मतदान गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के कुछ दिन बाद और दूसरे चरण से एक दिन पहले हो रहा है। अधिकारियों ने मतदान के लिए दिल्ली में 13,638 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं।