MCD चुनाव में BJP समर्थक 450 लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काटे गए, मनोज तिवारी का दिल्ली सरकार पर आरोप
दिल्ली में एमसीडी चुनाव के लिए रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। दोपहर 12 बजे तक 18 प्रतिशत मतदान हो चुका है। इस चुनाव में मुख्य तौर पर भाजपा, 'आप' और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।

इस खबर को सुनें
दिल्ली में एमसीडी चुनाव के लिए रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। दोपहर 12 बजे तक 18 प्रतिशत मतदान हो चुका है। इस चुनाव में मुख्य तौर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
दिल्ली नगर निगम चुनावों में सुभाष मोहल्ला वार्ड में करीब 450 वोट मतदाता सूची से काटे जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर यमुना विहार स्कूल में बने मतदान केंद्र पर पहुंचे भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार के इशारे पर यह वोट काटे गए हैं। उन्होंने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से करते हुए यहां पुनः चुनाव कराने की मांग की है।
मनोज तिवारी ने कहा कि भाजपा का समर्थन करने वाले 450 वोटरों के नाम जानबूझकर मतदाता सूची से काट दिए गए हैं। यह दिल्ली सरकार की एक बड़ी साजिश है।
सभी वार्ड में मतदान सुचारू रूप से जारी
बता दें कि, एमसीडी के 250 वार्ड के लिए हो रहे चुनाव में 1.45 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करने के पात्र हैं। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ जो शाम साढ़े पांच तक चलेगा। इस बार दिल्ली में 13,638 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। दिल्ली में दोपहर 12 बजे तक 250 वार्ड में लगभग 18 प्रतिशत मतदान हो चुका है। सभी वार्ड में मतदान सुचारू रूप से जारी है। अब तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में मतदाताओं की कुल संख्या 1,45,05,358 है जिनमें 78,93,418 पुरुष, 66,10,879 महिलाएं और 1,061 ट्रांसजेंडर व्यक्ति हैं। मतों की गिनती 7 दिसंबर को होगी।
इस बार एमसीडी चुनाव के लिए लगभग 40,000 पुलिसकर्मियों, लगभग 20,000 होमगार्ड और सीएपीएफ तथा एसएपी की 108 कंपनियों को तैनात किया गया है। मतदाताओं के गुणवत्तापूर्ण अनुभव के लिए दिल्ली में सभी विधानसभा क्षेत्रों को कवर करने वाले 68 मॉडल मतदान केंद्र और इतने ही गुलाबी मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
गौरतलब है कि साल 2017 में हुए एमसीडी चुनाव में भाजपा ने 270 वार्ड में से 181 वार्ड में जीत हासिल की थी। 2017 के निकाय चुनाव में लगभग 53 प्रतिशत मतदान हुआ था।