ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRDelhi Weather: दिल्ली से मानसून की विदायी; अब सर्दियों का इंतजार, कैसे रहेंगे अगले सात दिन?

Delhi Weather: दिल्ली से मानसून की विदायी; अब सर्दियों का इंतजार, कैसे रहेंगे अगले सात दिन?

Delhi Weather Report: दिल्ली में अब बारिश के आसार नहीं है। मौसम विभाग की मानें तो राष्ट्रीय राजधानी से मानसून की विदायी हो गई है। इसके साथ ही दिल्ली वालों को अब सर्दियों का इंतजार है।

Delhi Weather: दिल्ली से मानसून की विदायी; अब सर्दियों का इंतजार, कैसे रहेंगे अगले सात दिन?
Krishna Singhलाइव हिंदुस्तान,नई दिल्लीSat, 30 Sep 2023 10:09 PM
ऐप पर पढ़ें

Delhi Weather News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से मानसून की विदायी हो गई है। मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून दिल्ली से वापस चला गया है। इस साल मानसून के सीजन में दिल्ली में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में मानसून सीजन (जून से सितंबर) के दौरान सामान्य 653.6 मिमी के मुकाबले 660.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। मालूम हो कि राष्ट्रीय राजधानी में मानसून 27 जून तक शुरू हो जाता है जबकि 25 सितंबर तक खत्म हो जाता है। 

मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में अगले कुछ दिन बारिश की संभावना नहीं है। इसके चलते फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, सामान्य तौर पर राजधानी में मानसून 27 जून को पहुंचता है और 25 सितंबर तक इसकी विदाई हो जाती है। इस वर्ष 25 जून से दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दिल्ली में दस्तक दी थी। 

दिल्ली के अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, मध्यम प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भी मानसून की विदाई हो गई है। इसके अलावा कुछ बचे हुए क्षेत्रों से अगले तीन से चार दिन में दक्षिण-पश्चिम मानसून विदा हो जाएगा। इस वर्ष के मानसून में बारिश सामान्य रही है। फिलहाल राजधानी में अगले कुछ दिनों तक बारिश नहीं होगी, जिसके चलते तापमान 35 से 36 डिग्री के आसपास बने रहने के आसार हैं। 

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। राजधानी में अगले छह दिन अधिकतम तापमान में किसी प्रकार का बड़ा बदलाव होने का अनुमान नहीं है। न्यूनतम तापमान भी 21 से 22 डिग्री के आसपास बने रहने के आसार हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि राजधानी में अगले दो से तीन दिन सुबह के समय हल्की धुंध रह सकती है। इसके बाद सुबह के समय भी मौसम साफ रहने की संभावना है।

मौसम विभाग की मानें तो इस साल 25 जून को मानसून दिल्ली पर छा गया था। मौसम विभाग ने शनिवार को अपने बयान में कहा कि दक्षिण पश्चिम मानसून जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों; पंजाब और हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली; पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, पश्चिम मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान और पश्चिम राजस्थान के कुछ और हिस्सों से विदा हो गया है। इस मौसम में 94.4 फीसदी बारिश दर्ज की गई है।  

मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि देश के अधिकांश हिस्सों में अक्टूबर में सामान्य से सामान्य से अधिक अधिकतम और सामान्य से अधिक न्यूनतम तापमान दर्ज होने की संभावना है। पूर्वोत्तर मानसून के भी सामान्य होने की संभावना है। इससे 88 से 112 प्रतिशत बारिश हो सकती है। मालूम हो कि पूर्वोत्तर मानसून दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अक्टूबर से दिसंबर के दौरान बारिश कराता है। 

मौसम विभाग के डीजी मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि इस साल अल नीनो देश में मानसूनी बारिश को ज्यादा प्रभावित नहीं कर सका है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की बात करें तो दिल्ली में अब रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। हालांकि, दोपहर में तेज धूप हो रही है। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। अनुमान है कि अक्टूबर से धीरे-धीरे ठंड की शुरुआत होगी। अक्टूबर के अंतिम हफ्ते से दिल्ली एनसीआर के इलाकों में सर्दी को स्पष्ट तौर पर महसूस किया जा सकेगा। हालांकि इस बीच यदि पहाड़ों पर बर्फबारी हुई तो उत्तर पश्चिम भारत में मौसम तेजी से बदल सकता है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें