ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR'मेट्रो-बसों में महिलाओं को फ्री सफर की सुविधा देना एक अच्छा प्रयास'

'मेट्रो-बसों में महिलाओं को फ्री सफर की सुविधा देना एक अच्छा प्रयास'

महिलाओं के लिए दिल्ली मेट्रो, डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त सफर के प्रस्ताव के विषय में दिल्ली की पूर्व सीएम और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने बुधवार को कहा कि अगर वे ऐसा...

'मेट्रो-बसों में महिलाओं को फ्री सफर की सुविधा देना एक अच्छा प्रयास'
नई दिल्ली | लाइव हिन्दुस्तान टीम Wed, 05 Jun 2019 05:27 PM
ऐप पर पढ़ें

महिलाओं के लिए दिल्ली मेट्रो, डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त सफर के प्रस्ताव के विषय में दिल्ली की पूर्व सीएम और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने बुधवार को कहा कि अगर वे ऐसा कर सकते हैं तो यह एक अच्छा प्रयास है। लेकिन यह उनके अपने फायदे के लिए किया जा रहा है किसी और के लिए नहीं। इसे राजनीतिक रूप से देखा जाना चाहिए।

जानकारी के अनुसार, आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) और क्लस्टर बसों तथा मेट्रो ट्रेन में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा का प्रस्ताव लाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह घोषणा करते हुए सोमवार को कहा था कि इससे राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकेगा। आप सरकार ने हालांकि इस फैसले को लागू करने के तौर-तरीकों की घोषणा नहीं की है। इस बारे में लोगों से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। 

भाजपा ने कहा, केजरीवाल का नया हथकंड़ा

वहीं, भाजपा ने मेट्रो और बसों में महिलाओं की निशुल्क यात्रा की घोषणा को मात्र हथकंड़ा करार दिया है। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने इसे विधानसभा चुनावों में मात्र वोट खरीदने का हथकंड़ा करार दिया है। तिवारी ने कहा कि केजरीवाल विधानसभा चुनावों में इसे बेकार के हथकंड़े के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब केजरीवाल राजधानी के नागरिकों को यह भी कहेंगे कि आपके घर के दरवाजे पर एक बस खड़ी होगी और अगर वह राजधानी के लोगों के लिए वाकई कुछ करना चाहते हैं तो उन्हें केन्द्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना को लागू कर दिखाना होगा। अगर वह गरीबों के लिए प्रधानमंत्री की आवास और स्वास्थ्य योजनाओं को लागू नहीं करते हैं तो  भाजपा छह सात माह बाद निश्चित तौर पर इन योजनाओं को लागू करेगी।

महिलाओं ने किया फ्री मेट्रो और बस सुविधा का स्वागत

मेट्रो व बसों में महिलाओं के लिए फ्री सफर की घोषणा का जहां अधिकतर महिलाओं ने स्वागत किया है तो वहीं कुछ ने इसे वोट बैंक की राजनीति करार दिया है। अनेेक महिलाओं का कहना है कि इसका उन्हें निश्चित तौर पर लाभ होगा और परिवहन पर होने वाले मासिक खर्च में कमी आएगी। यह महिलाओं के लिए एक सुविधाजनक कदम है। फ्री सफर की सुविधा मिलने के बाद अधिक से अधिक महिलाएं यात्रा के लिए इस तरह के परिवहन के साधनों का इस्तेमाल करेंगी और इससे निजी वाहन चलाने की प्रवृति कम होगी। वहीं कुछ महिलाओं ने कहा कि यह वोट बैंक की राजनीति प्रतीत होती है और आखिर में इसका बोझ आम आदमी पर ही पड़ेगा। केजरीवाल इसके लिए पैसा अपनी जेब से तो देंगे नहीं वह जनता के पैसे का ही इस्तेमाल करेंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें