ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRदिल्ली : कोरोना वैक्सीनेशन से पहले आज केंद्रों पर होगा अंतिम अभ्यास

दिल्ली : कोरोना वैक्सीनेशन से पहले आज केंद्रों पर होगा अंतिम अभ्यास

दिल्ली में शनिवार से कोरोना के खिलाफ शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान के लिए सभी 11 जिलों में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गईं हैं। दिल्लीभर में बने 75 केंद्रों पर गुरुवार को टीकाकरण का पूर्वाभ्यास किया...

दिल्ली : कोरोना वैक्सीनेशन से पहले आज केंद्रों पर होगा अंतिम अभ्यास
वरिष्ठ संवाददाता, नई दिल्लीThu, 14 Jan 2021 07:34 AM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली में शनिवार से कोरोना के खिलाफ शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान के लिए सभी 11 जिलों में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गईं हैं। दिल्लीभर में बने 75 केंद्रों पर गुरुवार को टीकाकरण का पूर्वाभ्यास किया जाएगा, जिसके लिए बुधवार को इन केंद्रों पर तैयारी की गई।

दिल्ली सरकार के लोकनायक अस्पताल में टीकाकरण के लिए तीन बूथ बनाए गए हैं, जहां एक दिन में करीब 300 लोगों को टीका लगाया जाएगा। अस्पताल की दूसरी मंजिल को पूरी तरह टीकाकरण कार्यक्रम के लिए आरक्षित रखा गया है। अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। काफी बड़े स्थान पर टीकाकरण केंद्र बनाया गया है। यहां निरीक्षण कक्ष में एक समय में करीब 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। यह दिल्ली सरकार के सभी अस्पतालों में सबसे बड़ा टीकाकरण केंद्र है। टीकाकरण कार्यक्रम पर नजर बनाए रखने के लिए अस्पताल में सभी स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से सभी गतिविधियों पर नजर रखी जाती है।

पीएसारआई में साइन बोर्ड लगाए गए
शेख सराय स्थित पुष्पवती सिंघानिया रिसर्च इंस्टीट्यूट (पीएसआरआई) में भी गुरुवार को होने वाले पूर्वभ्यास कि तैयारियां कर ली गई हैं। यहां टीकाकरण लिए बने तीन बड़े हॉल तक पहुंचने के लिए अस्पताल के मुख्य द्वार पर और अंदर के रास्ते पर साइन बोर्ड लगा दिए गए हैं। अस्पताल को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। टीकाकरण केंद्र को दक्षिण दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल से जोड़ा गया है। वैक्सीन का दुष्प्रभाव होने पर मरीजों को यहीं प्राथमिक उपचार दिया जाएगा, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें एम्बुलेंस के जरिए मैक्स अस्पताल भेजा जाएगा।

उत्तर पूर्वी दिल्ली में सबसे कम केंद्र
दिल्ली में 16 जनवरी को होने वाले टीकाकरण कार्यक्रम के लिए पश्चिमी दिल्ली, केंद्रीय दिल्ली और उत्तरी पश्चिमी दिल्ली में नौ-नौ केंद्र बनाए गए हैं। सबसे कम दो केंद्र उत्तरी पूर्वी दिल्ली में तैयार किए गए हैं। कुल 75 केंद्र तैयार किए गए हैं। कुछ केंद्रों पर एक से अधिक टीकाकरण बूथ हैं। जैसे लोकनायक और एम्स में तीन-तीन बूथ तैयार किए गए हैं।

16 जनवरी को कितने केंद्र पर टीकाकरण
केंद्रीय दिल्ली - 09
पूर्वी दिल्ली - 05
नई दिल्ली - 07
उत्तरी दिल्ली - 04
उत्तरी पूर्वी - 02
उत्तरी पश्चिमी - 09
शाहदरा - 06
दक्षिणी दिल्ली - 08
दक्षिणी पूर्वी - 09
दक्षिणी पश्चिमी - 07
पश्चिमी दिल्ली - 09

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें