ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRजाफराबाद में लूट के दौरान बुजुर्ग महिला की हत्या, दंपति को चाकू की नोंक पर बनाया बंधक

जाफराबाद में लूट के दौरान बुजुर्ग महिला की हत्या, दंपति को चाकू की नोंक पर बनाया बंधक

Delhi Crime News: मृतका शमीम परिवार के साथ जाफराबाद के अंबेडकर बस्ती में रहती थीं। परिवार में पति अब्बास और चार बेटे हैं। चारों बेटे शादीशुदा हैं और परिवार के साथ अलग रहते हैं।

जाफराबाद में लूट के दौरान बुजुर्ग महिला की हत्या, दंपति को चाकू की नोंक पर बनाया बंधक
Swati Kumariप्रमुख संवाददाता,नई दिल्लीThu, 08 Jun 2023 09:26 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में गुरुवार दोपहर बदमाशों ने चाकू की नोंक पर घर के अंदर बुजुर्ग दंपति को बंधक बना लिया। इसके बाद घर में लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने बुजुर्ग महिला का गला दबा लिया, जबकि उनके पति पर चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर किरायदार बचाने के लिए पहुंचा तो बदमाशों ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। घायल 70 वर्षीय शमीम, उनके पति 70 वर्षीय अब्बास और किरायदार 22 वर्षीय जाहिद को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शमीम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। 

मृतका शमीम परिवार के साथ जाफराबाद के अंबेडकर बस्ती में रहती थीं। परिवार में पति अब्बास और चार बेटे हैं। चारों बेटे शादीशुदा हैं और परिवार के साथ अलग रहते हैं। अब्बास का पहले कपड़े का कारोबार था, लेकिन उन्होंने बंद कर दिया था। अब किराए से उनका खर्च चलता है। शमीम अपने पति के साथ मकान के भूतल पर रहती थीं। जबकि किरायदार ऊपर की मंजिल पर रहते हैं। गुरुवार दोपहर में दंपति घर के अंदर सो रहा था। इस दौरान पांच-छह बदमाश घर के अंदर घुसे और चाकू की नोंक पर उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद घर के अंदर लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर शमीम का गला घोंट दिया, उनके पति अब्बास बचाने आए तो उन पर चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर किरायदार जाहिद दौड़कर नीचे आया तो बदमाशों ने उसे पर भी चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायल तीनों को जग प्रवेश चंद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शमीम को मृत घोषित कर दिया। जबकि अब्बाद व जाहिद का उपचार चल रहा है। 

सीसीटीवी फुटेज से पहचान करने में जुटी
जांच के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है। पुलिस की एक टीम घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। ताकि उनकी पहचान हो सके। वहीं पुलिस की टीम आपसी रंजिश व प्रॉपर्टी विवाद को लेकर भी जांच कर रही है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को कहना है कि जिस तरह से वारदात हुई है, ऐसे में रंजिश व प्रॉपर्टी विवाद के मामलों को लेकर भी इंकार नहीं किया जा सकता है। 

दिनदहाड़े वारदात से इलाके में दहशत
दिनदहाड़े बुगुर्ज दंपति के साथ वारदात को लेकर इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी भी जाहिर की है। लोगों को कहना है कि दिनदहाड़े बदमाश हथियार लेकर इलाके में घूम रहे है और वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इलाके में हथियारों के बल पर लगातार कई बड़ी घटनाएं हो रही है। 

लूट के दौरान बुजुर्गों की हत्याएं 
- 29 जनवरी 2023 दयालपुर में लूट के दौरान 88 साल के बुजुर्ग शांति देवी की हत्या
- 08 नवंबर 2022- लाजपत नगर में लूट के दौरान 75 साल के कुलवंत कौर सेठी की हत्या
- 02 अक्तूबर 2022- जीटीबी एंक्लेव में लूट के दौरान चाकू से हमला कर 80 साल की सुशीला की हत्या।
- 16 अगस्त 2022- वेलकम में 75 साल की विमला व उनकी बहू की हत्या
- 13 अगस्त 2022- कश्मीरी गेट इलाके में 70 साल के बुजुर्ग  चिल्लर बाबा पर हमला कर हत्या
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें