ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRतलाक से गुस्साए शख्स ने ससुराल वालों पर किया चापड़ से हमला, 1 की मौत, 2 लोग घायल

तलाक से गुस्साए शख्स ने ससुराल वालों पर किया चापड़ से हमला, 1 की मौत, 2 लोग घायल

पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में शनिवार सुबह तलाक से गुस्साए शख्स ने अपने पूर्व साले-सलहज और सास की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर चापड़ से हमला कर घायल कर दिया।

तलाक से गुस्साए शख्स ने ससुराल वालों पर किया चापड़ से हमला, 1 की मौत, 2 लोग घायल
Praveen Sharmaनई दिल्ली। हिन्दुस्तानSun, 12 Mar 2023 09:59 AM
ऐप पर पढ़ें

पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में शनिवार सुबह तलाक से गुस्साए शख्स ने अपने पूर्व साले-सलहज और सास की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर चापड़ से हमला कर घायल कर दिया। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां एक की मौत हो गई। दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

40 वर्षीय नीरज अपनी पत्नी 38 वर्षीय विमल, बेटे विनीत और 60 वर्षीय बुजुर्ग मां सुनीता के साथ कल्याणपुरी के कल्याणवास इलाके में रहता था। करीब 12 साल पहले नीरज की बहन वंदना की शादी उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में रहने वाले महेंद्र से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही दोनों के बीच विवाद रहने लगा। करीब दो साल पहले वंदना ने महेंद्र से तलाक ले लिया और वह अपने दूसरे पति के साथ अलग रहने लगी। शनिवार सुबह करीब 6:45 बजे महेंद्र कल्याणवास स्थित नीरज के घर पहुंचा।

दरवाजा खटखटाने पर नीरज की पत्नी विमल ने गेट खोला तो उसने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर चापड़ से हमला कर दिया। आवाज सुनकर नीरज आया तो उसकी भी आंखों में मिर्च झोंक चापड़ से मारने लगा। मां सुनीता पर भी हमला कर दिया। इसके अलावा नीरज के बेटे पर भी हमला करने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोगों के आने पर वह फरार हो गया। पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया।

शादी के बाद मारने की धमकी दे रहा था

परिजनों के अनुसार, वंदना ने दो साल पहले महेंद्र से तलाक ले लिया था। उनका एक सात साल का बेटा है। तलाक के बाद से कुछ दिन तक वंदना बेटे को लेकर मायके में रही थी, लेकिन बाद में एक युवक से शादी कर अलग रहने लगी। महेंद्र को जब वंदना की शादी की बात पता चली तो वह भड़क गया। उसने तुरंत वंदना से पति को छोड़ने की बात कही और जान की धमकी दे रहा था। इसके बाद आरोपी ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

पुलिस ने मौके से चापड़ बरामद किया

पुलिस को मौके से चापड़ बरामद हुआ। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने इलाके में ही कही से चापड़ खरीदा होगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से इसका पता लगाने में लगी है। साथ ही उसके रास्ते की लोकेशन ट्रैस कर रही है। वहीं पुलिस की एक टीम उसके दिल्ली और उत्तराखंड के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें