पूर्व बॉय फ्रेंड ने महिला पर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, दिल्ली के शास्त्री पार्क में वारदात
दिल्ली के शास्त्री पार्क में एक महिला पर उसके पूर्व बॉय फ्रेंड ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

उत्तर पूर्व दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में रविवार को 22 साल की एक शादीशुदा महिला को उसके पूर्व बॉय फ्रेंड ने कहासुनी के बाद कथित रूप से चाकू से ताबड़तोड़ कई बार वार कर जख्मी कर दिया। पुलिस ने बताया कि शास्त्री पार्क की महिला का एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने हमलावर बॉय फ्रेंड को हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। वारदात बुलंद मस्जिद के पास हुई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
महिला से मिलने आया था आरोपी
पुलिस उपायुक्त (उत्तरपूर्व) जॉय तिर्की ने बताया कि यह वारदात बुलंद मस्जिद के पास हुई जहां आरोपी शाह बाबू (23) जहां से मिलने आया था। शाहबाबू बिहार के किशनगंज जिले का रहने वाला है। हमें तीन बजकर 25 मिनट पर एक महिला को चाकू घोंपे जाने को लेकर एक पीसीआर कॉल मिली।
आरोपी मौके से गिरफ्तार
महिला के सिर, चेहरे और हाथ पर चाकू से वार किया गया था। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया। उसका उपचार जारी है और हालत स्थिर है। आरोपी शाह बाबू को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में प्रयुक्त चाकू भी उसके पास से बरामद कर लिया गया है।
दोनों की पहले से थी जान पहचान
बताया जाता है कि आरोपी पीड़िता को उसकी शादी से पहले से जानता था। दोनों बिहार के किशनगंज में एक दूसरे के पड़ोसी थे। पीड़िता की शादी करीब चार महीने पहले हुई थी। इसको लेकर आरोपी नाखुश था। वह महिला से भी गुस्सा था। आरोपी हैदराबाद में दर्जी का काम करता है। आरोपी महिला से मिलने के लिए दिल्ली आया था। वह और महिला एक दूसरे से बातचीत कर ही रहे थे कि किसी बात से वह भड़क गया और आपा खोते हुए महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।