दिल्ली में 12वीं के छात्र की हत्या, सीने में कई बार घोंपा चाकू; आरोपी फरार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुई इस वारदात के बारे में बताया जा रहा है कि मृतक की उम्र 18 साल है। मृतक छात्र ओखला फेज-2 के जेजे कैंप का रहने वाला है। वो कालकाजी स्कूल का छात्र था।

इस खबर को सुनें
दिल्ली में 12वीं के छात्र को चाकू से गोदकर मार डाल गया। बताया जा रहा है कि साउथईस्ट दिल्ली के ओखला क्षेत्र में इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने मंगलवार को इस बात की जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि मृतक की उम्र 18 साल है। मृतक छात्र ओखला फेज-2 के जेजे कैंप का रहने वाला है। वो कालकाजी स्कूल का छात्र था।
पुलिस के मुताबिक, छात्रों के गुटों के बीच झगड़ा हुआ था। यह झगड़ा हंसराज सेठी पार्क के नजदीक हुआ था। इस झगड़े के दौरान लड़के के सीने में चाकू से कई बार गोदा गया। घायल अवस्था में छात्र को पूर्णिमा सेठी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
इस मामले में पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या)के तहत केस दर्ज किया है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके। कुछ मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि मृतक छात्र कानाम मोहन उर्फ मनिया है।
दक्षिण पूर्वी जिले की पुलिस उपायुक्त ईशा पांडेय के हवाले से 'दैनिक जागरण' ने बताया है कि घटना सोमवार की दोपहर करीब 2 बजकर 30 मिनट पर ओखला फेस-2 के जेजेआर कैंप के रहने वाले मोहन को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसके सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किये गये थे।