दिल्ली में लागातार बढ़ रही है कोरोना की रफ्तार, पहली बार 24 घंटे में 5500 से ज्यादा लोग संक्रमित

नई दिल्ली। लाइव हिन्दुस्तान टीम,
Follow us on Google News
share

राजधानी दिल्ली में चल रही कोरोना की चौथी लहर के बीच बेकाबू होते संक्रमण ने कोहराम मचा रखा है। बुधवार को एक दिन में पहली बार इस साल के सर्वाधिक 5500 से अधिक नए मरीज मिलने और 20 मरीजों की मौत ने स्थिति...

delhi reports 5506 new covid19 cases  3363 recoveries and 20 deaths in the last 24 hours   file phot

राजधानी दिल्ली में चल रही कोरोना की चौथी लहर के बीच बेकाबू होते संक्रमण ने कोहराम मचा रखा है। बुधवार को एक दिन में पहली बार इस साल के सर्वाधिक 5500 से अधिक नए मरीज मिलने और 20 मरीजों की मौत ने स्थिति को और गंभीर कर दिया है। दिल्ली में अब संक्रमित मरीजों का कुल आंकड़ा बढ़कर 6.90 लाख के पार पहुंच गया है। इसके साथ ही अब पॉजिटिविटी रेट भी बढ़कर 6 फीसदी से अधिक हो गया है। मंगलवार को 5100 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी।

दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, बीते 24 घंटे में जहां कोरोना के 5506 नए मरीज मिले हैं, वहीं 20 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों का कुल आंकड़ा बढ़कर 11,133 हो गया है। आज 3363 मरीज पूरी तरह ठीक होकर कोरोना मुक्त हो गए, जबकि मंगलवार को यह संख्या 2340 थी। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि दिल्ली में अब तक संक्रमितों की कुल संख्या 6,90,568 हो गई है और 10,048 मरीज होम आइसोलेशन में हैं।

ये भी पढ़ें : दिल्ली में क्यों लगाया गया नाइट कर्फ्यू? सत्येंद्र जैन ने बताई असल वजह

राजधानी में अब कोरोना वायरस संक्रमण के एक्टिव केस भी बढ़कर 19,455 हो गए हैं। वहीं, अब तक कुल 6,59,980 मरीज इस महामारी को मात देकर कोरोना मुक्त हो चुके हैं। इसके साथ ही अब तक मरने वालों की संख्या 11,133 हो गई है।

— ANI (@ANI) April 7, 2021

दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में कुल 90,201 टेस्ट किए गए हैं। इनमें से 52,477 आरटीपीआर/ सीबीएनएएटी / ट्रूनैट टेस्ट और 37,724 रैपिड एंटीजन टेस्ट किए गए। दिल्ली में अब तक कुल 15,165,413 जांचें हुई हैं और प्रति 10 लाख लोगों पर 7,98,179 टेस्ट किए गए हैं। इसके साथ ही अब दिल्ली में आज 417 नए कंटेनमेंट जोन बनाए जाने के बाद इनकी संख्या भी बढ़कर 3708 पर पहुंच गई है, जबकि मंगलवार को इनकी संख्या 3291 थी।

सोमवार को 3548, रविवार को 4033, शनिवार को 3567 और शुक्रवार को 3594 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई थी।

कोविड-19 स्थिति पर सरकार की पैनी नजर

राजधानी में कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ने के बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि 'आप' सरकार महामारी की स्थिति को लेकर सतर्क है और स्थिति नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है। पिछले कुछ दिनों में विभिन्न अस्पतालों में लगभग 2,000 बेड्स को बढ़ाया गया है और अगले कुछ दिनों में 2000-2500 और बेड्स की व्यवस्था की जाएगी।

ये भी पढ़ें : नाइट कर्फ्यू के कारण दिल्ली में नहीं होगा IPL मैच? 

कार में अकेले ड्राइविंग करते हुए भी मास्क पहनना जरूरी : दिल्ली हाईकोर्ट

दिल्ली हाईकोर्ट ने बुधवार को कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान मुंह को ढंकना 'सुरक्षा कवच' की तरह है और निजी वाहन में ड्राइविंग करते हुए अकेले होने के बावजूद मास्क पहनना अनिवार्य है, क्योंकि कोविड-19 के संदर्भ में वाहन सार्वजनिक स्थान है।

जस्टिस प्रतिभा एम सिंह ने निजी वाहन में अकेले ड्राइविंग करते हुए मास्क नहीं पहनने पर चालान काटने के दिल्ली सरकार के फैसले में हस्तक्षेप करने से भी इनकार करते हुए कहा कि अगर किसी वाहन में केवल एक व्यक्ति बैठा है तो उसे भी सार्वजनिक स्थान माना जाएगा। कोर्ट ने कहा कि अनेक संभावनाएं हैं जिसमें कार में अकेले बैठे व्यक्ति का संपर्क बाहरी दुनिया से हो सकता है, इसलिए यह नहीं कहा जा सकता कि व्यक्ति कार में अकेले जा रहा है, महज इसलिए कार सार्वजनिक स्थान नहीं होगी।

जस्टिस सिंह ने अपने फैसले में कहा कि इसलिए यदि किसी वाहन में केवल एक व्यक्ति है तो भी वह सार्वजनिक स्थल होगा और इसलिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा। इसलिए किसी वाहन में एक व्यक्ति हो या अनेक लोग बैठे हों, उसमें कोविड-19 महामारी के संदर्भ में मास्क या फेस कवर पहनना अनिवार्य होगा। याचिकाकर्ता-वकीलों ने दलील दी थी कि केवल सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने की अनिवार्यता है और निजी वाहनों को सार्वजनिक स्थल नहीं कहा जा सकता। कोर्ट ने कहा कि सार्वजनिक स्थान की व्याख्या कोविड-19 महामारी के संदर्भ में करनी होगी। कोर्ट ने कहा कि कोविड-19 महामारी के संदर्भ में मास्क पहनना अनिवार्य है। कोर्ट ने कहा कि मास्क पहनना जरूरी है चाहे किसी व्यक्ति ने टीका लगवा रखा हो या नहीं। 

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma

प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। करीब डेढ़ दशक से हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया का अनुभव भी हासिल कर चुके हैं। एक दशक से भी अधिक लंबा समय वह डिजिटल मीडिया में बिता चुके हैं।


प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी। इसके बाद वह थोड़े समय नेशनल दुनिया अखबार में भी रहे। वहां से निकलकर उन्होंने मार्च 2014 में न्यूज 18 के साथ डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में कदम रखा। वर्ष 2018 में वह लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े।


वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। इन्हें डिजिटल रीडर्स की पसंद और बदलते ट्रेंड्स को समझकर गहराई और सटीकता के साथ खबरें लिखने का अच्छा खासा अनुभव है। वह सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रखते हैं। उन्हें राजनीतिक विषयों पर खबरें लिखने और पढ़ने का शौक है।


प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsदिल्ली का भी होगा मुंबई वाला हाल? पहली बार 24 घंटे में इतने ज्यादा केस