राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के मामलों में कमी को देखते हुए दिल्ली सरकार ने दिल्ली के 7 सरकारी अस्पतालों में कोरोना (COVID-19) मरीजों के लिए रिजर्व बेड्स की संख्या 4,696 से घटाकर 2,140 कर दी है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के निर्देश के बाद दिल्ली के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से एक आदेश जारी कर अस्पतालों में बेड्स की संख्या कम करने की जानकारी दी है।
आदेश के मुताबिक, लोक नायक अस्पताल (LNH) में कोविड-19 संक्रमित मरीजों के लिए पहले 2010 बेड्स आरक्षित थे, जो अब घटकर 1000 रह गए हैं। वहीं गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल में 1500 बेड्स के स्थान पर अब 500 ही रह गए हैं।
इसी प्रकार राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भी कोविड-19 संक्रमित मरीजों के लिए 650 बेड्स आरक्षित थे, जो अब घटकर 500 रह गए हैं। वहीं, सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र (SRHC) अस्पताल में कोविड-19 संक्रमित मरीजों के लिए 215 बेड्स आरक्षित थे, जो अब घटकर 50 रह गए हैं।
अशोक विहार स्थित दीप चंद बंधु (DCB) अस्पताल में कोविड-19 मरीजों के लिए अब तक 213 बेड्स आरक्षित थे, जो अब घटकर 50 रह गए हैं। इसी तरह मोती नगर में स्थित आचार्य श्री भिक्षु (ASB) अस्पताल में कोविड-19 संक्रमित मरीजों के लिए अब 60 के बजाय केवल 20 बेड्स ही रह गए हैं। वहीं, संजय गांधी मेमोरियल (SGM) अस्पताल में कोविड-19 संक्रमित मरीजों के लिए 48 बेड्स आरक्षित थे, जो अब घटकर 20 रह गए हैं।
इन अस्पतालों में घटाई गई कोविड-19 रिजर्व बेड्स की संख्या
क्रम संख्या | अस्पताल का नाम | पहले रिजर्व बेड्स | अब रिजर्व बेड्स |
1 | लोक नायक अस्पताल (LNH) | 2010 | 1000 |
2 | गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल | 1500 | 500 |
3 | राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल (RGSSH) | 650 | 500 |
4 | सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र (SRHC) अस्पताल | 215 | 50 |
5 | दीप चंद बंधु (DCB) अस्पताल | 213 | 50 |
6 | आचार्य श्री भिक्षु (ASB) अस्पताल | 60 | 20 |
7 | संजय गांधी मेमोरियल (SGM) अस्पताल | 48 | 20 |
टोटल | 4696 | 2140 |
दिल्ली में कोविड-19 संक्रमण की दर 0.8 प्रतिशत
दिल्ली में कोरोना वायरस (COVID-19) का कहर अब थमता दिख रहा है। इसके चलते पॉजिटिविटी दर भी घटकर 1 फीसदी (0.8 प्रतिशत) से नीचे आ गई है। बुधवार को दिल्ली में कोरोना के करीब 677 नए मरीज मिलने के बाद यहां संक्रमितों की कुल संख्या 6.24 लाख से अधिक हो गई है। वहीं आज संक्रमण से 21 और लोगों की मौत होने से मृतकों संख्या भी बढ़कर 10,523 हो गई है। दिल्ली में एक्टिव केसों की संख्या बुधवार को 5,838 रह गई जो मंगलवार को 6,122 थी।
दिल्ली में 21 से 23 दिसंबर तक रोजाना 1,000 से कम नए मामले आए हैं। 21 दिसंबर को 803, 22 दिसंबर को 939 और 23 दिसंबर को 871 नए मामले सामने आए, लेकिन 24 दिसंबर को 1,063 मामले आए जो 25 दिसंबर को कम होकर 758 हो गए। 26 दिसंबर को 655 जबकि 27 दिसंबर को 757 और 28 दिसंबर को 564 मामले आए जो पिछले सात महीने में एक दिन में आए सबसे कम नए मामले हैं। इससे पहले 26 मई को शहर में 412 मामले आए थे।